हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
रिपोर्टर - गौतम रंगारी
ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा)
अस्पताल में आवश्यक मरम्मत एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के दिए निर्देश
पेयजल सहित स्वच्छता एवं साफ़-सफाई को सुनिश्चित करने पर जोर
दंतेवाड़ा, 20 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने शुक्रवार को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता एवं साफ़-सफाई और विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल परिसर में आवश्यक सुधार एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन कर उनकी गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर आगे बढ़ाने तथा स्वीकृत निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अस्पताल भवन के पिछले हिस्से की दीवारों सहित पूरे भवन में रंग-रोगन कराने तथा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत करने को कहा। साथ ही अस्पताल परिसर में बायो मेडिकल वेस्ट क्षेत्र को व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अस्पताल में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ड्रिंकिंग वॉटर एरिया विकसित करने, बोरवेल के लिए प्राक्कलन तैयार करने तथा वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अस्पताल के स्टोर तक सामान के सुगम आवागमन के लिए रैम्प निर्माण कराने, पीडियाट्रिक वार्ड में एयर कंडीशनर लगाने तथा सभी शौचालयों की मरम्मत एवं निर्माण से जुड़े अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। छोटे-छोटे मरम्मत एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति प्राप्त करने को कहा।
इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. प्रियंका सक्सेना सहित अन्य चिकित्सक और लोक निर्माण विभाग तथा सीजीएमएससी के इंजीनियर्स उपस्थित थे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!