चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से धमतरी जिले में जनहानि, पशुहानि या मकानों की क्षति की सूचना नहीं
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा— प्रशासन सतर्क, किसानों की फसल क्षति का सर्वे जारी
धमतरी। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए धमतरी जिले में जिला प्रशासन द्वारा एहतियातन आवश्यक तैयारियां की गई थीं। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिले में अब तक जनहानि, पशुहानि अथवा मकानों को क्षति पहुंचने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। संभावित मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए आम नागरिकों से सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की थी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि मौसम की स्थिति में सुधार होने तक नागरिकों को आगामी दो से तीन दिनों तक विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। विशेष रूप से किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को सलाह दी गई है कि धान, दलहन एवं तिलहन की खड़ी फसल यदि पकने की अवस्था में है, तो मौसम साफ होने तक दो से चार दिनों तक कटाई से बचें। इससे फसल को संभावित नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि जिले में किसानों की फसलों को हुई संभावित क्षति का आकलन करने के लिए सर्वे के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व एवं कृषि विभाग का अमला प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कर रहा है, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं तथा फसल क्षति होने की स्थिति में संबंधित विभाग के अधिकारियों को जानकारी दें। पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुरूप दावा प्रक्रिया एवं नियमानुसार सहायता का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को प्रातः 5:30 बजे भारतीय मानक समय पर अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ कमजोर होकर अवदाब (डिप्रेशन) में परिवर्तित हो गया था। हालांकि, मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए नागरिकों और किसानों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने, मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की सलाह दी गई है।
ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!