Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों का लिया जायजा

girvar@hamarpradeshcg
girvar@hamarpradeshcg
5 Min Read 0 Comments
 कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों का लिया जायजा

कलेक्टर श्री लंगेह ने अंतर्राज्यीय जांच चौकी टुहलु एवं नवीन धान उपार्जन केंद्र बोईरगांव का किया निरीक्षण

 

धान खरीदी की तैयारियों का लिया जायजा

 

किसानों की सुविधा और अवैध धान परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के दिए निर्देश

 

 महासमुंद 13 नवंबर 2026/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य आगामी 15 नवंबर से प्रारंभ होने जा रहा है। धान खरीदी को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज अंतर्राज्यीय जांच चौकी टुहलु तथा नवीन धान उपार्जन केंद्र बोईरगांव का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर श्री लंगेह ने अंतर्राज्यीय जांच चौकी टुहलु पहुंचकर धान के अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने जांच चौकी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ड्यूटी व्यवस्था, वाहनों की जांच तथा निगरानी संबंधी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि धान खरीदी प्रारंभ होने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। अन्य राज्यों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों से जिले में अवैध रूप से धान लाने तथा बिचौलियों के माध्यम से धान खपाने की कोशिशों पर प्रभावी रोक लगाई जाए।

कलेक्टर ने कहा कि जांच चौकियों पर नियमित रूप से वाहनों की जांच की जाए तथा संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए। धान के अवैध परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी रखने और जांच व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर श्री लंगेह ने नवीन धान उपार्जन केंद्र बोईरगांव का निरीक्षण किया। उन्होंने 15 नवंबर से प्रारंभ होने वाली धान खरीदी के लिए केंद्र में की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छायादार स्थान, बैठने की व्यवस्था, बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र तथा धान के सुरक्षित भंडारण सहित आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती नमिता मारकोले, राजस्व, मंडी, पुलिस, खाद्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि धान खरीदी केंद्र में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। किसानों के टोकन के अनुसार व्यवस्थित ढंग से धान खरीदी की जाए। धान की गुणवत्ता एवं नमी का परीक्षण निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया जाए तथा तौल प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने खरीदी केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा संबंधित कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के मंशानुरूप सभी धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि 15 नवंबर से जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी का कार्य व्यवस्थित रूप से प्रारंभ हो सके तथा किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो

 

गिरवर साहू 

स्टेट रिपोर्टर - हमर प्रदेश cg न्यूज छत्तीसगढ़ 

मो.9165340227

girvar@hamarpradeshcg
Written by

girvar@hamarpradeshcg

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos