✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
### कलेक्टर जनदर्शन में गूंजी आम नागरिकों की समस्याएं, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
राशन कार्ड, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास और किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के लिए पहुंचे आवेदन
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 3 नवंबर 2026। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर श्री सूर्यकांत कौशिक तथा अपर कलेक्टर एवं सारंगढ़ एसडीएम श्री दशरथ सिंह राजपूत ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके आवेदनों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग
जनदर्शन में नागरिकों ने राशन कार्ड नवीनीकरण, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण के लिए भूमि आवंटन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा बकरी पालन योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए। वहीं भूमिहीन कृषि मजदूरों ने संबंधित शासकीय योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। इसके अलावा बरभाठा (ब) में प्रस्तावित तालाब निर्माण कार्य पर रोक लगाने के संबंध में भी आवेदन दिया गया।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए तथा अनावश्यक विलंब से बचते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री शंकर लाल सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर श्री राणा विजय सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती वर्षा बंसल, बिलाईगढ़ एसडीएम सुश्री शिक्षा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!