Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

कलेक्टर की चेतावनी बेअसर, शिकायत के 8 दिन बाद भी हिंछापुर धान खरीदी मामले में कार्रवाई नहीं

State Head - H.R.SAHU
State Head - H.R.SAHU
5 Min Read 0 Comments
Chhattisgarh local news
Chhattisgarh local news

ब्लॉक रिपोर्टर - वरुण देव नेताम, नगरी - धमतरी 

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ 

 

15 नवंबर को 42 क्विंटल धान का टोकन कटा, खरीदी के बाद भुगतान भी जारी

 

पंचनामे में खेत पर खड़ी मिली फसल, 22 नवंबर तक भी नहीं हुई कटाई

 

*नगरी।* धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करने की कलेक्टर की सख्त चेतावनी के बावजूद हिंछापुर में कथित फर्जी धान खरीदी का मामला आठ दिन बाद भी कार्रवाई के इंतजार में है। हैरानी की बात यह है कि जिस खसरा नंबर की 42 क्विंटल धान खरीदी दर्शाई गई, उसी खेत में 19, 20 और 21 नवंबर को हुए अलग-अलग पंचनामों में फसल खड़ी पाई गई। 22 नवंबर तक भी खेत में फसल मौजूद है। दूसरी ओर इसी खसरे के नाम पर धान खरीदी के साथ भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई है। इससे खरीदी प्रक्रिया और विभागीय सत्यापन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

मामले में आवेदक प्रेम नारायण सिन्हा ने अधिकारियों को दस्तावेजों के साथ शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक एग्रीस्टैक में तरुण पिता मोहन सिन्हा निवासी सांकरा के नाम पर हिंछापुर स्थित खसरा नंबर 124, रकबा 0.4800 हेक्टेयर दर्ज है। इसी खसरे के आधार पर 15 नवंबर को टोकन क्रमांक टीके 59001901262700627 के माध्यम से 42 क्विंटल धान बिक्री दर्ज की गई। इसके अगले दिन 16 नवंबर को भुगतान की फाइल भी तैयार कर दी गई। आवेदक का कहना है कि 15 नवंबर को धान खरीदी के शुभारंभ के दिन सुबह करीब 9 बजे ही उन्होंने उपार्जन केंद्र सांकरा में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी दे दी थी। प्रभारी प्रबंधक को लिखित शिकायत देकर बताया गया था कि खसरा नंबर 124 में धान की फसल अभी खेत में खड़ी है, इसके बावजूद उक्त खसरे का टोकन जारी हुआ है और धान उपार्जन केंद्र पहुंच गया है। शिकायत में भौतिक सत्यापन के बाद ही खरीदी करने की मांग की गई थी। प्रभारी प्रबंधक ने शिकायत की पावती भी दी थी। इसके बावजूद उसी दिन धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी कर दी गई।

 

प्रेम नारायण सिन्हा ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बाद 18 नवंबर को खेत में खड़ी फसल काटने के लिए हार्वेस्टर लाया गया था। हालांकि उनके विरोध के बाद पंचनामा होने तक फसल की कटाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि फसल की कटाई हो जाती तो खेत में खड़ी फसल को लेकर महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रभावित हो सकते थे।

 

तीन दिन लगातार पंचनामे में मिली खड़ी फसल

 

मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 19, 20 और 21 नवंबर को अलग-अलग स्तर पर मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया। 19 नवंबर को पटवारी, कोटवार, ग्राम पंचायत हिंछापुर के सरपंच और आवेदक की मौजूदगी में पंचनामा हुआ। इसमें खेत में फसल खड़ी पाई गई। 20 नवंबर को तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक और कृषि अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान भी फसल खड़ी होने की बात सामने आई। वहीं 21 नवंबर को एसडीओपी के निर्देश पर विभागीय एवं उपार्जन केंद्र के कर्मचारी तथा आवेदक की उपस्थिति में फिर पंचनामा किया गया। इसमें भी खेत में धान की फसल खड़ी मिली। लगातार तीन दिनों के पंचनामों के बावजूद अब तक टोकन निरस्त करने, भुगतान रोकने अथवा संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। यही वजह है कि शिकायतकर्ता विभागीय जांच की गति और कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

 

उठ रहा सवाल, सत्यापन के बिना कैसे हुई खरीदी

 

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब 15 नवंबर को ही प्रभारी प्रबंधक को लिखित शिकायत मिल गई थी, तब खरीदी से पहले भौतिक सत्यापन क्यों नहीं कराया गया? संदेह की स्थिति में खरीदी रोककर संबंधित नोडल अधिकारी और राजस्व अधिकारियों को सूचना देने की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी। इसके बावजूद खरीदी और भुगतान की प्रक्रिया आगे कैसे बढ़ी, इसकी जांच की मांग की जा रही है। आवेदक का यह भी कहना है कि प्रभारी प्रबंधक के पास भौतिक सत्यापन की पहल करने का अधिकार नहीं होने की बात सही नहीं है। शिकायत मिलने पर उन्हें नोडल अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार और कृषि विभाग के अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर समिति के कर्मचारियों के साथ मौके पर सत्यापन कराना चाहिए था। जांच पूरी होने तक संबंधित खरीदी रोकने की आवश्यकता थी।

 

बयानों में उलझी जांच, कार्रवाई का इंतजार

 

प्रेमनारायण सिन्हा के अनुसार शिकायत के बाद राजस्व, खाद्य और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों की मौजूदगी में तीन बार पंचनामा तैयार किया जा चुका है। इसके बावजूद आठ दिन बीतने के बाद भी जांच पूरी नहीं होने और ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने से संदेह की स्थिति बन रही है। उनका कहना है कि प्रथम दृष्टया मामले में खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता दिखाई दे रही है। ऐसे में केवल संबंधित लोगों के बयान लेने तक जांच सीमित रखने के बजाय दस्तावेजों, टोकन, भुगतान रिकॉर्ड, पंचनामों और जियोटैग तस्वीरों का मिलान किया जाना चाहिए।छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी अधिनियम, 1960 की धारा 55(1) के तहत बनाए गए पैक्स सेवा नियम, 2018 के नियम 16.4 और 16.5 का हवाला देते हुए कहा कि ठोस कार्रवाई किया जाना चाहिए। कार्रवाई का आवेदन कलेक्टर, एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारी सिहावा को सौंपकर कथित फर्जी खरीदी की जांच कर भुगतान पर रोक लगाने, टोकन निरस्त करने और दोषी पाए जाने वाले किसान, प्रभारी प्रबंधक सहित खरीदी प्रक्रिया में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर सभी दस्तावेजों के साथ कृषि मंत्री से शिकायत की जाएगी।

State Head - H.R.SAHU
Written by

State Head - H.R.SAHU

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos