Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने देवपुर राम वन गमन परिपथ, श्रृंगी ऋषि पर्वत और कर्णेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर लिया जायजा, पर्यटन विकास के प्रस्तावित प्रोजेक्ट पर की चर्चा

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
5 Min Read 0 Comments
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने देवपुर राम वन गमन परिपथ, श्रृंगी ऋषि पर्वत और कर्णेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर लिया जायजा, पर्यटन विकास के प्रस्तावित प्रोजेक्ट पर की चर्चा

 वरुण देव नेताम

ब्लॉक रिपोर्टर नगरी

जिला- धमतरी 
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़

 

अमरकंटक की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी


नगरी/ धमतरी सिहावा अंचल के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। मंगलवार को कलेक्टर अविनाश मिश्रा सिहावा पर्यटन दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले देवपुर स्थित राम वन गमन परिपथ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया। इसके बाद सिहावा के प्रसिद्ध श्रृंगी ऋषि पर्वत पर लगभग 400 सीढ़ियां चढ़कर महर्षि श्रृंगी ऋषि के दर्शन किए। तत्पश्चात उन्होंने प्राचीन कर्णेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
कर्णेश्वर महादेव मंदिर परिसर में कर्णेश्वर महादेव ट्रस्ट एवं महानदी पर्यटन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर क्षेत्र के समग्र पर्यटन विकास को लेकर चर्चा की गई। कलेक्टर ने सिहावा अंचल को अमरकंटक की तर्ज पर धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। इसमें श्रृंगी ऋषि पर्वत, गणेश घाट और राम वन गमन परिपथ सहित क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को भव्य स्वरूप देने की योजना शामिल है।
प्रस्तावित योजना के तहत गणेश घाट को धार्मिक आयोजनों, सामाजिक कार्यक्रमों और विवाह समारोह जैसे बड़े आयोजनों के लिए विकसित करने की परिकल्पना है। यहां बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था के साथ लगभग एक हजार लोगों के एक साथ भोजन करने की क्षमता वाला लंगर हॉल बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। वहीं महानदी के उद्गम क्षेत्र एवं संगम स्थल को विशेष पहचान दिलाने तथा नदी के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व को सामने लाने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने बताया कि सिहावा अंचल के पर्यटन विकास के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए मुख्यमंत्री के माध्यम से भूमिपूजन कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष को भी आवश्यक पहल करने के लिए कहा गया है।

इस पर्यटन विकास योजना को तैयार करने और क्षेत्र की संभावनाओं को सामने लाने में फरसिया निवासी कमल कुमार का विशेष प्रयास एवं योगदान बताया गया। योजना के क्रियान्वयन से सिहावा क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार, पर्यटन गतिविधियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

महानदी को छत्तीसगढ़ की जीवनदायिनी नदी बताते हुए इसके उद्गम क्षेत्र सिहावा को धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन के मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
Written by

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos