किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए मिलेगी आदान सहायता, 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने संतोष नेताम महानदी सभाकक्ष में धान खरीदी के नोडल अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी के पहले सभी उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी, लापरवाही या बिचौलियों की सक्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वास्तविक किसानों से ही धान खरीदी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कलेक्टर ने कृषक उन्नति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है। योजना के तहत किसानों को उनके द्वारा बोए गए धान के डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के आधार पर राशि मिलेगी। इसके लिए धान की निर्धारित मात्रा का पूरा विक्रय करना अनिवार्य नहीं होगा। कम मात्रा में धान बेचने वाले किसान भी सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि पाने के पात्र होंगे।
कलेक्टर ने बताया कि योजना का
लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान विक्रय हेतु पंजीयन तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे में धान के रकबे का सत्यापन आवश्यक है। धान बीज उत्पादन करने वाले किसान भी योजना के पात्र होंगे। किसानों को टोकन जारी कराते समय निर्धारित प्रारूप में आदान सहायता राशि प्राप्त करने के लिए आवेदन करना होगा। योजना की राशि आधार लिंक बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा की जाएगी। जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं है, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता दी जा सकेगी।
- सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट लगाकर रखें निगरानी

Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!