Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

करोड़ों की ठगी के आरोपी दीपक टंडन को कोर्ट से झटका, तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
5 Min Read 0 Comments
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार 

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपये की कथित ठगी, ब्लैकमेलिंग और धमकी के मामलों में घिरे होटल कारोबारी दीपक टंडन को रायपुर पुलिस ने अदालत में पेश किया। कोर्ट परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पेशी के दौरान दीपक टंडन हथकड़ी पहने मुस्कुराता नजर आया। इतना ही नहीं, उसने मीडिया के सामने थम्स-अप का इशारा भी किया। अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर कमिश्नरेट पुलिस को सौंप दिया है।

 

56 लाख रुपये लेकर ठेका दिलाने का आरोप

 

दीपक टंडन के खिलाफ हाल ही में दर्ज आठवीं एफआईआर में एसईसीएल कोरबा में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उनसे अलग-अलग 25 लाख और 31 लाख रुपये लिए गए थे। आरोप है कि ठेका नहीं मिलने पर जब रकम वापस मांगी गई तो टालमटोल की जाने लगी। भुगतान के लिए दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।

 

चार जिलों में दर्ज हैं शिकायतें और एफआईआर

 

दीपक टंडन और उसकी पत्नी के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में अलग-अलग मामलों में शिकायतें एवं एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ठगी, धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और धमकी से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से इन मामलों में पूछताछ की जाएगी।

 

रायपुर में दीपक और पत्नी के खिलाफ पांच एफआईआर

 

पुलिस के मुताबिक, रायपुर के तेलीबांधा थाने में दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ पांच एफआईआर दर्ज हैं। इनमें ठेका दिलाने, जमीन और रेस्टोरेंट बेचने, लग्जरी कार की बिक्री तथा होटल पर कब्जा बनाए रखने जैसे आरोप शामिल हैं।

 

एक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीआईपी रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम श्री) की लीज समाप्त होने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ा गया। इसके अलावा नगर निगम की सील तोड़ने, जबरन प्रवेश करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस मामले में बरखा टंडन को भी आरोपी बनाया गया है।

 

फिलहाल पुलिस तीन दिनों की रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और लेन-देन की जानकारी जुटाएगी।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos