✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दो दिनों में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27.63 लाख रुपये का गांजा व मशरूका जब्त; पांच आरोपी भेजे गए जेल
कवर्धा, छत्तीसगढ़। कबीरधाम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक कथित अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 किलो 98 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
छिरहा मार्ग पर घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 27 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना सिटी कोतवाली और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने नया बस स्टैंड के पास छिरहा मार्ग स्थित यादव होटल के नजदीक घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को पकड़ा।
सफारी बैग से मिला 10.098 किलो गांजा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामू सिंह (22 वर्ष), पिता नेम सिंह, निवासी करनौली, थाना छिबरामऊ, जिला कन्नौज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपी के काले रंग के सफारी बैग से खाकी झिल्ली और टेप में लिपटा गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने 10 किलो 98 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है, तथा 10 हजार रुपये मूल्य का ओप्पो मोबाइल फोन जब्त किया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 419/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गांजे की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
दो दिनों में पांच आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम पुलिस के अनुसार, पिछले दो दिनों में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान थाना चिल्फी और सिटी कोतवाली क्षेत्र में कुल 27 लाख 63 हजार रुपये का गांजा एवं अन्य संबंधित मशरूका जब्त किया गया है।
इन कार्रवाइयों में चिल्फी थाना क्षेत्र से चार और सिटी कोतवाली क्षेत्र से एक आरोपी सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज आपकी खबर • आपकी आवाज • हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!