✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, 24 गांवों के 500 से अधिक लोगों से की पूछताछ, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
कबीरधाम। जिले के थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र में हुई डकैती की घटना का कबीरधाम पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर लगभग 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दो अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
27 अक्टूबर को हुई थी डकैती की वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की शाम प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के साथ डकैती की घटना घटित हुई थी। आरोपियों ने मछरीरेवार मंदिर घाटी के ठीक पहले मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर प्रार्थी और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के साथ डंडे से मारपीट की तथा उनके पास रखे सामान और चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना तरेगांव जंगल में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत धारा 309(6), 126(2), 115(2), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, 24 गांवों में पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस ने जांच तेज की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही आसपास के 24 गांवों में 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया गया।
संदिग्ध मोटरसाइकिल के आवागमन और उसके मार्ग की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं।
ग्राम बिरकोना के पास पुलिस ने दबोचा
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना पंडरिया और अन्य पुलिस टीमों ने संदिग्ध निखिल कुर्रे एवं संजय भास्कर की तलाश शुरू की। पुलिस को देखकर निखिल कुर्रे मोटरसाइकिल से भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर ग्राम बिरकोना के पास उसे पकड़ लिया।
इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों और निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए।
शराब भट्ठी के सामने बनाई थी वारदात की योजना
पुलिस जांच के अनुसार, 27 अक्टूबर को सभी आरोपी पंडरिया स्थित देशी शराब भट्ठी के सामने एकत्रित हुए थे। इसके बाद दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से तरेगांव क्षेत्र पहुंचे और बाजार में रहकर प्रार्थी की गतिविधियों तथा उसके आवागमन पर नजर रखने लगे।

जैसे ही प्रार्थी मोटरसाइकिल से वहां से निकला, आरोपियों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। मछरीरेवार मंदिर घाटी के ठीक पहले आरोपियों ने रास्ता रोककर मारपीट की और जेवरात सहित अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
मुंगेली में एकत्र हुए आरोपी, अलग-अलग जगह छिपाए जेवरात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के बाद वे लूटे गए सामान को लेकर मुंगेली पहुंचे और चौपाटी के पास एकत्रित हुए। इसके बाद चांदी के जेवरात बेचने के उद्देश्य से बिलासपुर जाने की योजना बनाई गई।
आरोपियों ने लूटे गए जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से लगभग 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
बरामद सामग्री
- लगभग 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात।
- एक बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल।
- 1500 रुपये नकद।
तीन आरोपी न्यायिक रिमांड पर, दो की तलाश जारी
कबीरधाम पुलिस ने निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
कबीरधाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई से डकैती की घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा हुआ है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी हुई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!