Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

कटघोरा-तानाखार में भीषण सड़क हादसा: खड़ी बस से टकराया बेकाबू ट्रक, दो की मौत और छह घायल

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
5 Min Read 0 Comments
कटघोरा-तानाखार में भीषण सड़क हादसा: खड़ी बस से टकराया बेकाबू ट्रक, दो की मौत और छह घायल

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़

ब्लॉक रिपोर्टर - रविशंकर चौहान

जिला - कोरबा

 

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के रफ्तार के कहर ने दो जिंदगियां छीन लीं। तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बस सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

चाय-पानी के लिए रुकी थी बस, तभी काल बनकर आया ट्रक

जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस रायपुर से अंबिकापुर जा रही थी। तड़के करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच चालक ने यात्रियों के चाय-पानी के लिए अनूप ढाबा के पास बस को सड़क किनारे रोका था। बस के हेल्पर अर्जुन राम ने बताया कि चालक और कुछ यात्री नीचे उतरे हुए थे, जबकि अधिकांश यात्री बस के अंदर ही बैठे थे। इसी दौरान पीछे से अनियंत्रित होकर आए ट्रक ने खड़ी बस को सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रक चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

एक मृतक बिलासपुर का निवासी, गंभीर घायल रायपुर रेफर

इस दुर्घटना में दो यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में एक की पहचान बिलासपुर निवासी अनूप दुबे (34) के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है, जिनके पते की पुष्टि के लिए पुलिस दस्तावेजों की जांच कर रही है।

हादसे के तुरंत बाद सभी छह घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां एक यात्री की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया है। शेष पांच घायलों का इलाज कटघोरा में ही चल रहा है।

क्रेन से हटवाए गए वाहन, फरार चालक की तलाश तेज

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाकर बाधित यातायात को सुचारू कराया। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी चालक की तलाश में जुटी है और मामले की वैधानिक जांच जारी है।

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
Written by

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos