✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के शहडोल जा रहे थे। पुलिस की नाकेबंदी देखकर आरोपियों ने कार मोड़कर भागने की कोशिश की और पकड़े जाने के डर से कार में रखे गांजे की बोरियों में आग लगा दी।
नाकेबंदी देखकर कार मोड़कर भागे
अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी की सूचना पर बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में नाकेबंदी की थी। इसी दौरान काले रंग की वैगनआर कार को पुलिस ने देखा। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़ दिया और विपरीत दिशा में तेज गति से भागने लगा।
पुलिस और एएनटीएफ टीम ने कार का पीछा किया। ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर चालक ने कार रोक दी। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने और कथित तौर पर सबूत मिटाने के लिए कार में रखी गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और जंगल की ओर भागने लगे।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक जंगल में फरार
पुलिस टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने कार का सामने का शीशा तोड़कर अंदर लगी आग बुझाई।
कार की डिक्की की तलाशी लेने पर तीन अधजली प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं। इनमें कुल 28.465 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 23 हजार 250 रुपये बताई गई है।
शहडोल ले जा रहे थे गांजा
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा खरीदा था और अपने साथी शिवा सिंह के साथ इसे मध्यप्रदेश के शहडोल ले जा रहे थे। रास्ते में पुलिस की नाकेबंदी देखकर उन्होंने कार वापस मोड़ी और पकड़े जाने के डर से गांजे समेत कार में आग लगाने की कोशिश की।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट एवं BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. सुलभ सिंह परिहार, पिता भारत सिंह परिहार, उम्र 29 वर्ष, निवासी छोटी घोरहटी, थाना नागौद, जिला सतना (म.प्र.)
2. सागर कुशवाहा, पिता मोतीलाल कुशवाहा, उम्र 25 वर्ष, निवासी कोनी टोला, थाना नागौद, जिला सतना (म.प्र.)
फरार आरोपी
शिवा सिंह, निवासी शहडोल, मध्यप्रदेश।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब फरार आरोपी की तलाश के साथ गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क और ओडिशा से मध्यप्रदेश तक इसके कनेक्शन की जांच की जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!