Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख गंवाए, कर्ज चुकाने घर में चोरी की साजिश; दो आरोपी गिरफ्तार, 15.50 लाख की संपत्ति बरामद

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
5 Min Read 0 Comments
Chhattisgarh local news
Chhattisgarh local news

✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार 

 

डोंगरगढ़। ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये गंवाने के बाद कर्ज के बोझ में दबे युवक ने कर्ज चुकाने के लिए चोरी की साजिश रच डाली। घर की रेकी से लेकर वारदात को अंजाम देने तक आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से काम किया। करीब तीन महीने पुराने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल कार सहित कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

 

घर का ताला तोड़कर जेवरात चोरी

 

मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी मोहारा अंतर्गत ग्राम ठाकुरटोला का है। गांव निवासी दीपक वर्मा 25 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ खेत गए थे। दोपहर करीब 1 बजे जब वे घर लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर आलमारी की जांच करने पर सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और पैर पट्टी गायब मिले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 

ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख का नुकसान, कर्ज उतारने बनाई योजना

 

पुलिस जांच के दौरान गांव के ही सुरेन्द्र साहू (36) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (25) के नाम सामने आए। पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। सुरेन्द्र साहू को ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। कर्ज चुकाने के लिए उसने गणेश्वर के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। दोनों ने पहले घर की रेकी की और परिवार की दिनचर्या पर नजर रखी।

 

सुबह 4 बजे पहुंचे, छत पर छिपा साथी

 

वारदात वाले दिन दोनों आरोपी सुबह करीब 4 बजे घर के पास पहुंच गए। गणेश्वर ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र बाहर रहकर निगरानी करने लगा। सुबह करीब 9 बजे परिवार के खेत जाने के बाद सुरेन्द्र ने मोबाइल से साथी को संकेत दिया। इसके बाद गणेश्वर नीचे उतरा और लोहे की रॉड से कमरे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। गोदरेज आलमारी तोड़कर दोनों ने सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।

 

चोरी के बाद रायपुर में किराये के मकान में छिपे

 

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी कार क्रमांक CG 04 NZ 3480 से रायपुर भाग गए। वहां इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये का मकान लेकर रहने लगे। चोरी किए गए जेवरात बेचने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कुछ जेवर किराये के मकान में छिपाकर रख दिए।

 

दूसरी चोरी का भी हुआ खुलासा

 

पुलिस पूछताछ में सुरेन्द्र साहू की एक अन्य चोरी का मामला भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक, उसने रायपुर के अरिहंत नगर स्थित हेमंत साहू के मकान में घरेलू कामकाज के दौरान एक जोड़ी सोने के टॉप्स और एक जोड़ी झुमके चोरी किए थे। चोरी किए गए जेवरात को उसने डोंगरगढ़ के मुथूट फाइनेंस में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने इन जेवरात को भी बरामद कर लिया।

 

15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ग्राम ठाकुरटोला की चोरी के 8.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल 5 लाख रुपये कीमत की कार तथा रायपुर के अरिहंत नगर से चोरी किए गए 2 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 15 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र साहू पिता प्यारा दास साहू एवं गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम पिता प्रीतम नेताम के रूप में हुई है। दोनों ग्राम ठाकुरटोला के निवासी हैं।

 

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में साइबर सेल और मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

 

 

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos