Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

एम्स दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र से सांसद-विधायक और महापौर के नाम गायब, भाजपा नेताओं में नाराजगी

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
59 Views 5 Min Read 0 Comments
एम्स दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र से सांसद-विधायक और महापौर के नाम गायब, भाजपा नेताओं में नाराजगी

रायपुर। रायपुर एम्स में आगामी 2 सितंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर आमंत्रण पत्र सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। आमंत्रण पत्र में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ-साथ एम्स सलाहकार समिति के सदस्य सांसद विजय बघेल, विधायक राजेश मूणत और रायपुर महापौर मीनल चौबे का नाम अतिथियों की सूची में शामिल नहीं होने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है।

 

दरअसल, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को रायपुर एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकास शील ने हाल ही में उच्चस्तरीय बैठक लेकर अधिकारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए थे। बैठक में एम्स के अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

बैठक के बाद जारी आमंत्रण पत्र में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, एम्स रायपुर अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजीव हांडा और कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) के नाम दर्ज हैं।

 

हालांकि, आमंत्रण पत्र में स्थानीय सांसद, विधायक और महापौर का नाम नहीं होने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता इसे लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों की इस तरह उपेक्षा उचित नहीं है और यदि कोई प्रोटोकॉल संबंधी कारण है तो उसे स्पष्ट किया जाना चाहिए।

 

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि अपनी नाराजगी किस स्तर पर दर्ज कराएं और किससे इस मामले में जवाब मांगें, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसी वजह से उन्होंने मामले को मीडिया के माध्यम से सामने रखने का रास्ता अपनाया है।

 

वहीं, पार्टी से जुड़े सूत्रों का दावा है कि पिछले करीब एक वर्ष से संगठन के नेताओं और सरकार के बीच समन्वय को लेकर कई स्तरों पर दूरी महसूस की जा रही है। हालांकि, इन दावों पर आधिकारिक तौर पर सरकार या भाजपा संगठन की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि एम्स जैसे महत्वपूर्ण केंद्रीय संस्थान के दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नाम क्यों नहीं शामिल किए गए? क्या यह प्रोटोकॉल से जुड़ा मामला है या आमंत्रण प्रक्रिया में कोई चूक हुई है? इन सवालों के जवाब आयोजन से पहले स्पष्ट होने की उम्मीद है।

 

✍️ किशोर कुमार

छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos