✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
जिला रिपोर्टर जगेश्वर पटेल गरियाबंद
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, लंगूर के शिकार में 7 ओडिशा के शिकारी गिरफ्तार
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व गरियाबंद से बड़ी खबर सामने आ रही है। वन परिक्षेत्र तौरेंगा के अंतर्गत गौण खनिज आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 1200 में वन्यप्राणी सामान्य लंगूर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
25 अक्टूबर 2026 को परिक्षेत्र तौरेंगा में 2 लंगूरों का अवैध शिकार किया गया था। सूचना पर वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर 13 किलो 800 ग्राम कच्चा मांस, 1 नग कुल्हाड़ी, 4 नग छुरी, 1 नग पसुली, 4 नग पीला थैला और 1 नग मोटरसाइकिल HF Deluxe CG04MF3970 जब्त किया था।
इस मामले में 3 आरोपियों को 26 अक्टूबर को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। फरार चल रहे अन्य 4 सह-आरोपियों को रेंजर केजूराम कोरचे की टीम ने ओडिशा जाकर धर दबोचा।
सभी आरोपियों के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 27, 29, 31, 32, 39, 49, 50, 51 और 52 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। SDO जे.पी. दर्रो ने माननीय न्यायालय के समक्ष दलील पेश कर न्यायिक रिमांड प्राप्त की और दिनांक 17 नवंबर 2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी गरियाबंद के समक्ष पेश कर जेल दाखिल किया गया।
सभी 7 आरोपी ग्राम कबाटपानी, पंचायत मुंडीभेड़ा, पोस्ट गोना, थाना व तहसील रायघर, जिला नबरंगपुर (ओडिशा) के रहने वाले हैं।
टीम का विशेष सहयोग
इस कार्रवाई में वनक्षेत्रपाल केजूराम कोरचे, उपवनक्षेत्रपाल गौरीशंकर भोई, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी गाजीमुड़ा सहित अन्य वन कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!