✍️हमर प्रदेश सीजी न्यूज
जिला रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के चार गांवों के स्वैच्छिक विस्थापन में बड़ी प्रगति, 15 दिन में होगा सत्यापन
गरियाबंद 30 अक्टूबर 2026/उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में स्वैच्छिक ग्राम विस्थापन की प्रक्रिया के क्रियान्वयन के लिए गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति की द्वितीय बैठक गुरुवार को कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए ग्राम जुगाड़ एवं देवझरअमली के पुनर्वास हेतु वैकल्पिक भूमि का अंतिम रूप से चयन किया गया। समिति ने निर्णय लिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर इन दोनों ग्रामों के पात्र हितग्राही परिवारों की पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। इस अवधि में दावा-आपत्ति की प्रक्रिया भी चलेगी, जिसके तहत ग्रामीण अपने दावे एवं अभ्यावेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके बाद पात्र हितग्राहियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
बैठक में ग्राम ओढ़ एवं अमलोर में स्वैच्छिक विस्थापन के संबंध में ग्राम सभाओं द्वारा पारित प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। इन दोनों ग्रामों के विस्थापन हेतु भी वैकल्पिक भूमि का चयन अंतिम रूप से कर लिया गया है। इस प्रकार चार गांवों के विस्थापन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
हाथी कॉरिडोर से बाहर होगा पुनर्वास स्थल का चयन
पुनर्वास स्थलों के वैज्ञानिक चयन पर जोर देते हुए कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विस्थापन हेतु आवंटित वैकल्पिक भूमि किसी भी स्थिति में हाथी कॉरिडोर के अंतर्गत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विस्थापन का उद्देश्य केवल स्थानांतरित करना नहीं, बल्कि ग्रामीणों को सुरक्षित एवं बेहतर जीवन परिस्थितियां उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर ने राजस्व एवं वन विभाग को तेजी लाने के निर्देश दिए
कलेक्टर श्री शर्मा ने राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी लंबित औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में विलंब एवं लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि शासकीय दायित्वों में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि यह पूरी प्रक्रिया राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है, जिसमें ग्रामीणों की स्वैच्छिक सहमति, पारदर्शिता तथा वनवासी समुदायों के अधिकारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि नए पुनर्वास स्थलों पर सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाओं का समुचित विकास सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक श्री वरुण जैन सहित विभागीय अधिकारी एवं प्रभावित गांवों के गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!