Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

उड़ीसा सीमा के आदिवासी बहुल गांव झिटकी में पहुंचा हर घर जल

hetram@hamarpradeshcg
hetram@hamarpradeshcg
5 Min Read 0 Comments
Chhattishgarh local news
Chhattishgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

उड़ीसा सीमा के आदिवासी बहुल गांव झिटकी में पहुंचा हर घर जल

202 घरों में नल कनेक्शन से खत्म हुई पानी की पुरानी परेशानी, महिलाओं को मिली बड़ी राहत

 

महासमुंद, 22 सितंबर 2026। उड़ीसा सीमा से लगे महासमुंद जिले के आदिवासी बहुल ग्राम झिटकी में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी दो हैंडपंप और दूर स्थित जोक नदी पर निर्भर रहने वाले इस गांव के 202 घरों तक अब नल के माध्यम से पानी पहुंच रहा है। घर-घर नल कनेक्शन मिलने से ग्रामीणों को पानी के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिली है। खासकर महिलाओं का समय और मेहनत बची है, जिससे वे परिवार और अन्य जरूरी कार्यों पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं।

 

विकासखंड बागबाहरा का ग्राम झिटकी छत्तीसगढ़ के अंतिम छोर पर उड़ीसा सीमा से लगा गांव है। कुछ समय पहले तक यहां पेयजल की व्यवस्था सीमित थी। गर्मी के दिनों में पानी की समस्या और गंभीर हो जाती थी तथा कई परिवारों को दूर स्थित जोक नदी से पानी लाना पड़ता था। पानी लाने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से महिलाओं के कंधों पर थी। इससे उनके रोजमर्रा के घरेलू कार्यों के साथ बच्चों की पढ़ाई और परिवार के लिए उपलब्ध समय पर भी असर पड़ता था।

 

62.43 लाख की योजना से मजबूत हुई पेयजल व्यवस्था

 

जल जीवन मिशन के अंतर्गत एकल ग्राम योजना के माध्यम से झिटकी में पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया गया। 62.43 लाख रुपये की लागत से योजना तैयार की गई, जिसमें 40 किलोलीटर क्षमता और 12 मीटर स्टेजिंग वाले उच्च स्तरीय जलागार का निर्माण किया गया। साथ ही 3196 मीटर पाइपलाइन बिछाकर घरों तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

 

जल उत्सव में झिटकी हुआ ‘हर घर जल’ घोषित

 

11 सितंबर 2026 का दिन ग्राम झिटकी के लिए यादगार बन गया। सरपंच श्रीमती कौशल्या पटेल एवं सचिव श्री कृष्ण चंद पटेल के प्रयासों से गांव में जल उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी अवसर पर झिटकी को ‘हर घर जल’ घोषित किया गया। ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी पानी की समस्या से मिली राहत को उत्सव के रूप में मनाया। नल से पानी मिलने की खुशी में हितग्राही श्रीमती मधुलिका दीवान सहित अन्य ग्रामीणों ने स्टैंड पोस्ट की पूजा की।

 

महिलाओं के समय और मेहनत की हुई बचत

 

हितग्राही श्रीमती मधुलिका दीवान बताती हैं कि पहले पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। पानी लाने में समय और मेहनत दोनों लगते थे। अब घर में नल से पानी मिलने लगा है, जिससे बाहर जाकर पानी लाने की जरूरत काफी कम हो गई है और रोजमर्रा के काम आसानी से पूरे हो रहे हैं।

 

स्कूल और आंगनबाड़ी में भी पहुंचा नल का पानी

 

जल जीवन मिशन के तहत केवल घरों तक ही नहीं, बल्कि स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन में भी नल से पानी की व्यवस्था की गई है। इससे बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों को सार्वजनिक संस्थानों में भी स्वच्छ पानी उपलब्ध हो रहा है। स्कूल में पानी मिलने से हाथ धोने और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आसान हुई हैं, वहीं आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की देखभाल और साफ-सफाई के कार्यों में भी सुविधा मिली है।

 

जल गुणवत्ता की निगरानी में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी

 

गांव में पेयजल की गुणवत्ता पर निगरानी रखने और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पांच जल वाहिनियों की नियुक्ति की गई है। इनमें श्रीमती हीराबाई सेन, श्रीमती मधुलिका दीवान, श्रीमती सिया भाई दीवान, श्रीमती प्रियंका दीवान एवं श्रीमती सेवती सेन शामिल हैं। इनके माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण के साथ ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल के महत्व की जानकारी दी जा रही है।

 

नल की धार में दिख रही बदलाव की नई तस्वीर

 

आज झिटकी में घर-घर नल से निकलती पानी की धार सिर्फ पेयजल सुविधा नहीं, बल्कि वर्षों की परेशानी से मिली राहत और बेहतर जीवन की नई उम्मीद का प्रतीक बन गई है। महिलाओं का समय बचा है, बच्चों के लिए स्वच्छता की सुविधा बढ़ी है और परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान हुई है। कभी जिन हाथों में पानी के बर्तन लेकर दूर जाने की मजबूरी थी, आज उन्हीं घरों के आंगन में नल से पानी पहुंच रहा है।

hetram@hamarpradeshcg
Written by

hetram@hamarpradeshcg

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos