हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
उड़ियापाल में कागजों पर बना मुक्तिधाम शेड, जमीन पर नहीं मिला निर्माण, 1 लाख का भुगतान, जांच की मांग
बकावंड (बस्तर) जनपद पंचायत बकावंड की ग्राम पंचायत उड़ियापाल में 15वें वित्त आयोग की राशि से बड़ा गोलमाल सामने आया है। कागजों में मुक्तिधाम शेड का निर्माण दिखाकर एक लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया, लेकिन मौके पर शेड का नामोनिशान तक नहीं है।
सरकारी रिकॉर्ड में भुगतान दर्ज, मौके पर कुछ नहीं
ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के व्यय विवरण के अनुसार वाउचर क्रमांक XVFC/2024-25/P/11, दिनांक 08/10/2024 को MUKHTI DHAM SEAD NIRMAN KARYA KA RASHI BHUGTAN के नाम पर ₹1,00,000.00 का भुगतान दर्ज है। Scheme - XV Finance Commission Basic Grant (untied) से यह राशि निकाली गई है।
लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जिस निर्माण के नाम पर राशि निकाली गई, वह जमीन पर कहीं दिखाई नहीं देता। ग्रामीणों ने जब सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी, तो पंचायत की ओर से कथित तौर पर ऐसे किसी कार्य से ही इनकार कर दिया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि काम हुआ था तो RTI में जानकारी क्यों नहीं दी गई, और यदि काम नहीं हुआ तो सरकारी खाते से भुगतान किस आधार पर दर्ज हुआ?
2 साल से जांच की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से वे पंचायत में 15वें वित्त आयोग सहित अन्य मदों से हुए सभी कार्यों की जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि अनियमितता साबित होती है तो जिम्मेदारों से राशि की वसूली के साथ-साथ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
आदिवासी समाज के युवा जिला अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं।
*पूर्व सरपंच-सचिव पर आरोप*
ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच और तत्कालीन सचिव की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि भुगतान से जुड़े बिल, वाउचर, बैंक अभिलेख, संबंधित विक्रेता और कार्य पूर्णता दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ मौके का भौतिक सत्यापन कराया जाना चाहिए।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!