ईश्वर गोंड हत्याकांड: 3 महीने से फरार अंतिम आरोपी अनिल शर्मा गिरफ्तार, तोरवा पुलिस ने भेजा सलाखों के पीछे
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित ईश्वर गोंड हत्याकांड के मामले में पुलिस को अंतिम फरार आरोपी को दबोचने में सफलता मिली है। लगभग तीन महीने से पुलिस को चकमा दे रहे आरोपी अनिल शर्मा को तोरवा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही मामले के सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है।
पुरानी रंजिश में की थी जानलेवा पिटाई
घटना 29 मई 2026 की है, जब पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने ईश्वर गोंड के साथ गैर इरादतन हत्या की नीयत से बेरहमी से मारपीट की थी। गंभीर चोटों के कारण पीड़ित ईश्वर गोंड की मौत हो गई। घटना के बाद तोरवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 280/2026, धारा 105 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
मामले में अब तक की गई कार्रवाई:
* पहले पकड़े गए आरोपी: घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज वाडेकर और प्रत्युन साह को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा था।
* 20 अगस्त 2026: तीसरे फरार आरोपी संतोष पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
* 23 अगस्त 2026 (ताजा गिरफ्तारी): लंबे समय से फरार अंतिम आरोपी अनिल शर्मा (24 वर्ष, पिता मन्नु शर्मा, निवासी देवरीखुर्द, तोरवा) को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी अनिल शर्मा को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल दाखिल करा दिया गया है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़
Hamar pradesh CG
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!