Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

इस बार उत्सव नहीं, श्रद्धांजलि का माहौल; डॉ. कालीचरण यादव के निधन पर रतनपुर का बड़ा फैसला

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
5 Min Read 0 Comments
Chhattisgarh local news
Chhattisgarh local news

✍️आशीष यादव, जिला संवाददाता — हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़, रतनपुर (बिलासपुर)।

 

डॉ. कालीचरण यादव के निधन से शोक में डूबा यादव समाज, रतनपुर का 20वां राउत नाच महोत्सव स्थगित

 

दो दशकों से चली आ रही लोक परंपरा पर लगा विराम, श्रद्धांजलि स्वरूप समाज ने लिया निर्णय; दो मिनट का मौन रखकर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

 

रतनपुर। यादव समाज के पुरोधा, राउत नाच महोत्सव के संयोजक एवं लोक संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले श्रद्धेय डॉ. कालीचरण यादव के निधन से पूरे बिलासपुर जिले सहित यादव समाज में शोक की लहर व्याप्त है। 15 जुलाई 1952 को जन्मे डॉ. यादव का 23 नवंबर 2026 को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में गहरा दुख है।

 

डॉ. कालीचरण यादव ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक राउत नाच को एक नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से राउत नाच महोत्सव ने स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। समाज के लोग उन्हें केवल एक सामाजिक व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि यादव समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत के सशक्त संवाहक के रूप में याद कर रहे हैं।

 

इसी दुखद घटना के मद्देनजर यादव समाज कल्याण समिति रतनपुर एवं राउत नाच महोत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक शोकसभा एवं आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में रतनपुर क्षेत्र के सामाजिक पदाधिकारी, सदस्यगण एवं राउत नाच दलों के प्रमुख उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने डॉ. कालीचरण यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान को याद किया।

 

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बिलासपुर में लिए गए निर्णय के अनुरूप सामाजिक भावनाओं का सम्मान करते हुए रतनपुर में इस वर्ष प्रस्तावित 20वें राउत नाच महोत्सव का आयोजन स्थगित किया जाएगा। समाज के सभी उपस्थित सदस्यों ने इस निर्णय पर सहमति जताई और इसे अपने प्रिय समाजसेवी एवं लोक संस्कृति के संरक्षक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

 

बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत डॉ. कालीचरण यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके योगदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।

 

गौरतलब है कि रतनपुर में पिछले दो दशकों से राउत नाच महोत्सव सामाजिक एकता, परंपरा और लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है। हर वर्ष इस आयोजन में राउत नाच दलों की प्रस्तुतियों से पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो उठता था। लेकिन इस वर्ष डॉ. कालीचरण यादव के निधन से उपजे शोक के कारण यह परंपरा एक साल के लिए थम गई है।

 

इस बार रतनपुर की धरती पर राउत नाच के नगाड़े भले ही न गूंजें, लेकिन हर सुर और हर थाप में डॉ. कालीचरण यादव की यादें जीवित रहेंगी। समाज ने उनके निधन को यादव समाज एवं छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos