इंस्टाग्राम पर रील बना रहे थे 'गैंगस्टर', चंद घंटों में सकरी पुलिस ने उतारा खुमार; धारदार चाकू लहराने वाले 'बुटटी' और 'बिट्टू' सलाखों के पीछे
बिलासपुर।
सोशल मीडिया पर 'भौकाल' जमाने और लाइक-कमेंट्स बटोरने के चक्कर में कानून को चुनौती देने वाले सिरफिरों पर सकरी पुलिस का डंडा चला है। इंस्टाग्राम पर खुलेआम धारदार चाकू लहराते हुए डांस करने वाले दो युवकों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। रील में खौफ का नाटक करने वाले आरोपियों की पहचान 'बुटटी' और 'बिट्टू' के रूप में हुई है, जिनकी सारी रंगबाजी अब हवालात में गुम हो चुकी है।
वायरल वीडियो पर एसएसपी का तत्काल एक्शन
रविवार को इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म ('यूथ टाइम्स डिजिटल मीडिया') पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दो नवयुवक हाथ में चमकते धारदार चाकू लहराते हुए बेखौफ अंदाज में डांस करते दिखे। मामला संज्ञान में आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने इसे कानून-व्यवस्था के लिए खुली चुनौती माना और तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए। एएसपी पंकज कुमार पटेल और सीएसपी परमेश्वर तिलकवार के नेतृत्व में सकरी पुलिस की टीम ने बिना देर किए दोनों हुड़दंगियों की तलाश शुरू कर दी।
घेराबंदी कर दबोचा, 2 धारदार चाकू बरामद
पुलिस ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से बंधवापारा इलाके में घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में सुनील पाल उर्फ बुटटी (20 वर्ष, निवासी बजरंग मोहल्ला) और ओम प्रकाश साकर उर्फ बिट्टू (20 वर्ष, निवासी बंधवापारा) शामिल हैं। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने वीडियो में चाकू लहराने का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वीडियो में दिख रहे 2 नग धारदार चाकू जब्त कर लिए हैं।
आर्म्स एक्ट के तहत जेल रवाना
सार्वजनिक शांति भंग करने और अवैध हथियार का प्रदर्शन करने पर सकरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 822/2026, धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज कर दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का भौकाल दिखाने वालों का अगला ठिकाना जेल ही होगा।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!