✍️ ब्लॉक रिपोर्टर – योगेश शर्मा, पत्थलगांव हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
पत्थलगांव। सड़क पर हादसा होने के बाद अक्सर लोग तमाशबीन बनकर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन पत्थलगांव के एसडीओपी डॉ. धुर्वेश जायसवाल ने मानवता और संवेदनशीलता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुकरगांव निवासी कलावती यादव अपने पति बालेश्वर यादव और दुधमुंही बच्ची के साथ सिविल अस्पताल से इलाज कराकर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पाकरगांव के पास अचानक चलती बाइक के पिछले पहिए में कलावती यादव की साड़ी फंस गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे में कलावती यादव और उनकी गोद में मौजूद मासूम बच्ची सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घटना के बाद पति बालेश्वर यादव घबराकर मदद के लिए इधर-उधर देखने लगे।
इसी दौरान उसी रास्ते से अपनी गाड़ी में गुजर रहे पत्थलगांव एसडीओपी डॉ. धुर्वेश जायसवाल की नजर घायल महिला और रोती-बिलखती बच्ची पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए अपनी गाड़ी रुकवाई और स्वयं मौके पर पहुंचकर घायल मां और मासूम बच्ची को उठाया। इसके बाद दोनों को अपनी गाड़ी में बैठाकर तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में भी एसडीओपी स्वयं मौजूद रहे और घायल महिला व बच्ची का उपचार शुरू करवाया। आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित होने के बाद ही उन्होंने राहत की सांस ली।
वर्दी के साथ मानवता का फर्ज भी निभाया
एसडीओपी डॉ. धुर्वेश जायसवाल की इस तत्परता ने यह संदेश दिया कि वर्दी केवल कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जरूरत के समय इंसानियत का साथ निभाने का भी प्रतीक है। उनके इस मानवीय कार्य की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।

Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!