✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) ने देशभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न नर्सिंग संस्थानों में संचालित पाठ्यक्रमों की मान्यता रद्द कर दी है। इस कार्रवाई की जद में छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थान भी आए हैं। इनमें अकेले रायपुर के 15 संस्थान शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, इन संस्थानों में बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और साइकेट्री नर्सिंग डिप्लोमा सहित विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे थे। कार्रवाई के बाद इन संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
रायपुर स्थित डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में संचालित एमएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम की मान्यता भी रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है। आईएनसी ने देशभर के 1,484 नर्सिंग संस्थानों में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की मान्यता रद्द करते हुए अपनी वेबसाइट पर संस्थानों की सूची जारी की है।
छात्रों पर क्या पड़ेगा असर?
मान्यता रद्द होने के बाद संबंधित संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए नर्सिंग पंजीयन और रोजगार के अवसरों को लेकर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ सकता है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नियमों के तहत ऐसे विद्यार्थी संबंधित राज्य में ही पंजीकरण करा सकेंगे। इसके चलते दूसरे राज्यों अथवा विदेश में नौकरी के अवसरों को लेकर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
आईएनसी की इस कार्रवाई के बाद संबंधित संस्थानों और विद्यार्थियों में चिंता का माहौल है। अब विद्यार्थियों की नजर आगे की प्रक्रिया और नियामक संस्थाओं से मिलने वाली राहत पर टिकी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!