Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

आवास प्लस 2.0 से 2,568 परिवारों का पक्का मकान बनाने का सपना होगा साकार, जिले को मिले 12,210 आवासों के लक्ष्य पर तेजी से काम

State Head - H.R.SAHU
State Head - H.R.SAHU
5 Min Read 0 Comments
Chhattisgarh local news
Chhattisgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

प्रतिदिन 500 से 700 आवासों को मिल रही मंजूरी, बरमकेला विकासखंड 24 प्रतिशत स्वीकृति के साथ सबसे आगे

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़ | 18 नवंबर 2026

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से पक्के मकान का इंतजार कर रहे पात्र परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत संचालित आवास प्लस 2.0 योजना से जिले के हजारों परिवारों के अपने पक्के घर का सपना साकार होने की उम्मीद बढ़ गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को कुल 12,210 आवासों का लक्ष्य मिला है, जिसके विरुद्ध अब तक 2,568 पात्र परिवारों के आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। यह कुल लक्ष्य का 21.03 प्रतिशत है।

 

खास बात यह है कि जिले में आवास स्वीकृति की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और प्रतिदिन औसतन 500 से 700 आवासों को मंजूरी दी जा रही है। इससे पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।

 

कलेक्टर की नियमित निगरानी, अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश

 

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू लगातार समीक्षा कर रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों में आवश्यक अंकीय प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने और स्वीकृति कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

 

वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी के मार्गदर्शन में आवास शाखा के अधिकारी-कर्मचारी एवं मैदानी अमला पंजीयन, आवास स्थल के भू-अंकन और अंकीय सत्यापन की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

 

बरमकेला विकासखंड सबसे आगे

 

17 नवंबर तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार विकासखंडवार आवास स्वीकृति की स्थिति इस प्रकार है—

 

बरमकेला – 24 प्रतिशत

 

 सारंगढ़ – 21 प्रतिशत

 

बिलाईगढ़ – 18 प्रतिशत

 

तीनों विकासखंडों में शेष पात्र हितग्राहियों के अंकीय सत्यापन एवं आवास स्वीकृति की प्रक्रिया लगातार जारी है।

 

अब कागजी दस्तावेजों की जरूरत नहीं, आठ डिजिटल जांच के बाद मिलेगी मंजूरी

 

आवास प्लस 2.0 योजना में स्वीकृति की प्रक्रिया को पूरी तरह अंकीय और पारदर्शी बनाया गया है। अब हितग्राहियों से भौतिक दस्तावेजों की प्रतियां नहीं ली जा रही हैं, बल्कि निर्धारित आठ प्रमुख डिजिटल जांच बिंदुओं के आधार पर पात्रता का सत्यापन किया जा रहा है।

 

इनमें आवास स्थल का भू-अंकन, रोजगार कार्ड का मिलान, बैंक खाते से आधार का जुड़ाव, आधार सत्यापन, पहले से मिले आवास योजना के लाभ की जांच, हितग्राही की इलेक्ट्रॉनिक पहचान तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से आंकड़ों का अंतिम सत्यापन शामिल है।

 

इन सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद पात्र हितग्राही का प्रकरण आवास स्वीकृति के लिए आगे बढ़ता है। इससे अनावश्यक कागजी प्रक्रिया कम हुई है और स्वीकृति कार्य में तेजी आई है।

 

लक्ष्य पूरा करने की दिशा में प्रशासन की तैयारी

 

जिला प्रशासन द्वारा शेष पात्र परिवारों का अंकीय सत्यापन जल्द पूरा कर अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नियमित निगरानी, विभागीय समन्वय और डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से जिले में निर्धारित 12,210 आवासों का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में काम जारी है।

 

अब ग्रामीण परिवारों को उम्मीद है कि उनका वर्षों पुराना पक्के मकान का सपना जल्द ही हकीकत में बदलेगा।

State Head - H.R.SAHU
Written by

State Head - H.R.SAHU

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos