✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरुचि सिंह की अध्यक्षता में निगम सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम द्वारा संचालित विभिन्न कार्यों, आगामी गतिविधियों और शहर की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गणेश पंडालों के लिए अनुमति अनिवार्य
बैठक में शासन के निर्देशानुसार गणेश प्रतिमा स्थापना के लिए पंडाल निर्माण हेतु अनुमति लेने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 5,000 वर्गफीट से अधिक क्षेत्रफल वाले सभी पंडालों के लिए अनुमति शुल्क, सफाई शुल्क एवं सुरक्षा निधि जमा करना अनिवार्य होगा।
वहीं, 5,000 वर्गफीट से छोटे पंडालों में यदि व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जाती हैं, तो ऐसे पंडालों के लिए भी अनुमति शुल्क, सफाई शुल्क एवं सुरक्षा निधि जमा करनी होगी।
पंडाल के लिए अनुमति शुल्क 3.50 रुपये प्रति वर्गफीट तथा सफाई शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। सुरक्षा निधि वापसी योग्य होगी। पंडाल संचालकों को निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन करते हुए अनुमति प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
तालाबों की सफाई और सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा
शहर के विभिन्न तालाबों को चरणबद्ध तरीके से चिन्हांकित कर उनमें जलकुंभी की सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए। शासन के आदेशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली निगम की विभिन्न गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में सीएम पोर्टल, जनशिकायत, नगरोत्थान योजना सहित अन्य संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
ईंधन खर्च कम करने पर जोर
निगम के ईंधन व्यय में कमी लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आयुक्त ने वाहनों के बेहतर उपयोग और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। इसके अलावा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई।
आयुक्त सुरुचि सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। शासन एवं निगम स्तर से जारी निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के साथ ही शहर की स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त नरेंद्र बंजारे, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, ऐशा लहरे, कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, संजय वर्मा, अनिल सिंह, अरविंद शर्मा, नितेश मेश्राम, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी, उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, चंद्रकांत साहू सहित उप अभियंता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!