✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
52.25 लाख आवेदन दर्ज, 46.62 लाख का हुआ निराकरण; करीब 89 फीसदी आवेदनों पर कार्रवाई पूरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन और आसान बनाने के लिए शुरू किए गए सेवा सेतु पोर्टल को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। अप्रैल में शुरू किए गए इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अब तक प्रदेशभर से करीब 52.25 लाख आवेदन दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से 46.62 लाख आवेदन मंजूर हो चुके हैं। इस तरह करीब 89 प्रतिशत आवेदनों पर कार्रवाई पूरी की जा चुकी है।
प्रमाण पत्र से लेकर राशन कार्ड तक ऑनलाइन सुविधा
सेवा सेतु पोर्टल के जरिए नागरिक अब घर बैठे कई महत्वपूर्ण सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन कर रहे हैं। इनमें आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और मूल निवासी प्रमाण पत्र जैसी जरूरी सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और विवाह प्रमाण पत्र जैसी सेवाओं के लिए भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत
ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से नागरिकों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों में बार-बार जाने की परेशानी से राहत मिल रही है। आवेदन जमा करने से लेकर उसकी स्थिति की जानकारी लेने तक की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जा रही है। इससे समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है।
रायपुर सबसे आगे
सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन के मामले में रायपुर जिला सबसे आगे बताया जा रहा है। बड़ी संख्या में नागरिक पोर्टल का उपयोग कर सरकारी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। इससे डिजिटल माध्यम से सरकारी सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में सेवा सेतु को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
सरकार का उद्देश्य ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार के जरिए पारदर्शिता, त्वरित सेवा और नागरिकों की सुविधा को बढ़ावा देना है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!