ब्लॉक रिपोर्टर वरुण देव नेताम दुगली धमतरी
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
टाटामारी में दो दिवसीय आयोजन संपन्न, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई दिग्गज जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक नेतृत्वकर्ताओं ने की शिरकत
केशकाल (जिला कोंडागांव)। मूल छत्तीसगढ़िया सर्व गाड़ा समाज छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में 16 एवं 17 नवंबर को देवभूमि केशकाल स्थित टाटामारी में दो दिवसीय बूढ़ादेव महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में समाज की आदिवासीकरण की मांग, सामाजिक पहचान, संवैधानिक अधिकारों एवं सांस्कृतिक अस्मिता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में प्रदेश से लेकर गांव स्तर तक समाज की अभूतपूर्व एकजुटता देखने को मिली।
महोत्सव के प्रथम दिवस 16 नवंबर को मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर रियासत के महाराजा कमल चंद्र भंजदेव शामिल हुए, वहीं द्वितीय दिवस 17 नवंबर को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं तानाखार विधायक श्री तुलोश्वर मरकाम, पूर्व सांसद मोहन मंडावी, पूर्व विधायक संतराम नेताम, पूर्व विधायक श्री मोहन मरकाम, गोंडी धर्माचार्य शेरसिंह आंचला तथा लिपि शोधकर्ता श्री गणेश मरपच्ची सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक नेतृत्वकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
दोनों दिवस के कार्यक्रम की अध्यक्षता मूल छत्तीसगढ़िया सर्व गाड़ा समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुलदीप ने की। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र चौहान कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी सहभागिता निभाई।
आदिवासीकरण की मांग को लेकर बुलंद हुई आवाज
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य मूल छत्तीसगढ़िया सर्व गाड़ा समाज की आदिवासीकरण की मांग को व्यापक सामाजिक मंच प्रदान करना तथा समाज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, पारंपरिक जीवनशैली, रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक पहचान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर समाज के लोगों ने अपनी सामाजिक पहचान, सम्मान एवं संवैधानिक अधिकारों की मांग को लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
वक्ताओं एवं सामाजिक नेतृत्वकर्ताओं ने कहा कि आदिवासीकरण का विषय केवल वर्तमान पीढ़ी का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की पहचान और भविष्य से भी जुड़ा हुआ है। इसके लिए समाज को गांव-गांव तक संगठित कर जागरूकता अभियान चलाने और सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।
संस्कृति और परंपराओं का दिखा अनूठा संगम
दो दिवसीय बूढ़ादेव महोत्सव में पारंपरिक बाजा-गाजा, कलश यात्रा, महिलाओं की सहभागिता, देवी-देवताओं की अगवानी, पूजा-अर्चना, सेवा-अरजी एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। महोरी-गुड़ुम की गूंज के बीच पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पुरखों की विरासत और लोक संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, सांस्कृतिक धरोहर एवं सामाजिक इतिहास से जोड़ने का संदेश दिया गया।
प्रदेश पदाधिकारियों के योगदान से सफल हुआ आयोजन
इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में प्रदेश संयोजक सुंदर दास कुलदीप, प्रदेश सचिव अशोक चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद चौहान, संगठन प्रभारी खेमराज बघेल, विधिक सलाहकार कपिल चालाकी, चरण सिंह गंधर्व, प्रदेश युवा कोषाध्यक्ष चित्रसेन देवदास एवं प्रदेश युवा उपाध्यक्ष दिनेश गंधर्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके अलावा प्रदेश महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष गोदावरी करैत, प्रदेश युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष अर्जित कुलदीप एवं सांस्कृतिक विभाग से सुशील दर्रे सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों, प्रचार-प्रसार एवं व्यवस्थाओं में विशेष योगदान दिया।
-
प्रदेश से गांव तक दिखी सामाजिक एकजुटता
महोत्सव की सफलता में प्रदेश, संभाग, जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर के पदाधिकारियों के साथ महिला एवं युवा प्रकोष्ठ की सक्रिय सहभागिता रही। समाज के वरिष्ठजनों, माताओं-बहनों एवं युवाओं ने अतिथियों के स्वागत-सत्कार, सामाजिक संपर्क, आर्थिक सहयोग एवं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सामूहिक सहयोग और आपसी समन्वय ने यह साबित किया कि समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता, संगठनात्मक मजबूती और प्रत्येक सदस्य की भागीदारी है।
-
सामाजिक अधिकारों की लड़ाई को मिलेगी नई दिशा
बूढ़ादेव महोत्सव 2026 केवल एक सांस्कृतिक आयोजन बनकर नहीं रहा, बल्कि यह सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक स्वाभिमान और संगठनात्मक एकजुटता का ऐतिहासिक मंच साबित हुआ। महोत्सव के माध्यम से आदिवासीकरण की मांग को प्रदेश स्तर पर मजबूती से आगे बढ़ाने तथा समाज की ऐतिहासिक पहचान एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!