✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आदिवासी अधिकारों और हितों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मौजूदा सरकार को आदिवासी विरोधी बताते हुए उनके अधिकार छीने जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
साय बोले- कांग्रेस ने आदिवासियों को वोट बैंक समझा
बलरामपुर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी जनजाति समाज को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में किसी सरकार ने जनजातीय समाज की चिंता की है, तो भाजपा की सरकार ने की है।
मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रधानमंत्री रहते अनुसूचित जनजाति के समुचित विकास के लिए केंद्र में अलग मंत्रालय का गठन किया गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने ऐसा कदम क्यों नहीं उठाया।
मोदी सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज के मान-सम्मान को बढ़ाने के साथ उनके विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन योजना के तहत गांवों तक सड़क, राशन कार्ड और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अब जागरूक हो चुका है और केवल राजनीतिक दावों के आधार पर भ्रमित होने वाला नहीं है।
बघेल का पलटवार- छीने जा रहे आदिवासियों के अधिकार
दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों पर होने वाली बैठक से पहले सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में आदिवासी समुदाय के अधिकार छीने जा रहे हैं।
बघेल ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान आदिवासी क्षेत्रों में निशुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ लोगों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कई प्रयास किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई कई योजनाओं को मौजूदा सरकार ने बंद कर दिया है।
आरोप-प्रत्यारोप से गरमाया राजनीतिक माहौल
आदिवासी अधिकारों और योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच सामने आए आरोप-प्रत्यारोप से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा जहां आदिवासी समाज के लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को उपलब्धि बता रही है, वहीं कांग्रेस सरकार पर आदिवासी हितों की अनदेखी करने का आरोप लगा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!