आकाशीय बिजली ने उजाड़ दिया परिवार, बैगा दंपत्ति की दर्दनाक मौत
मरवाही क्षेत्र में तेज बारिश के बीच गिरी बिजली, घर पर मौजूद दंपत्ति ने मौके पर तोड़ा दम; गांव में पसरा मातम
मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा ढपनिपानी में शुक्रवार शाम मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से घर पर मौजूद बैगा दंपत्ति मंगल सिंह पिता माधो (46 वर्ष) और उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई (43 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। एक ही परिवार में एक साथ हुई दो मौतों की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि 22 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिजली गिरने के समय घर के अंदर मौजूद लोगों को अचानक तेज रोशनी दिखाई दी और इसके बाद इतनी जोरदार आवाज हुई कि सभी सहम गए।
घटना के समय बिरस्पतिया बाई किसी काम से घर की परछी/बरामदे की ओर निकली थीं, जबकि मंगल सिंह घर की दीवार के सहारे बैठे हुए थे। बिजली गिरने के बाद दोनों अचानक गश खाकर नीचे गिर पड़े। परिजनों ने तत्काल उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन दोनों में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।
घर में मौजूद मंगल सिंह के भाई बुधराम और उनके बेटे सहित अन्य परिजनों ने आनन-फानन में मदद जुटाई। इसके बाद डायल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मंगल सिंह और बिरस्पतिया बाई दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एक ही पल में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है। बारिश के बीच आसमान से गिरी बिजली ने एक परिवार से एक साथ दो जिंदगियां छीन लीं, जिससे ग्रामीणों में भी गहरा शोक और दहशत का माहौल है। घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली से होने वाले जान-माल के खतरे को सामने ला दिया है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!