दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिलों के प्रवासित परिवारों के पुनर्वास की समीक्षा
जगदलपुर। कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना राज्यों में प्रवासित दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिले के परिवारों के पुनर्वास की प्रगति की वर्चुअल समीक्षा की। उन्होंने कहा कि माओवाद मुक्त बस्तर में विश्वास के साथ अपने गांव वापस लौट रहे परिवारों के पुनर्वास को संवेदनशीलता एवं सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
कमिश्नर ने कहा कि शासन प्रवासित परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है। पात्रता के आधार पर आवास सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन परिवारों को *शासन की 31 व्यक्ति मूलक योजनाओं एवं 14 सामुदायिक योजनाओं* से लाभान्वित करने पर जोर दिया जा रहा है।
*ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित सर्वे के निर्देश*
उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों में नियमित शिविर लगाने, मांझी-मुखिया, समाज प्रमुख, पटेल-कोटवार, गायता-पुजारी और पंचायत पदाधिकारियों से चर्चा कर वापस लौटने वाले परिवारों का सर्वे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*मीडिया और मुनादी से व्यापक प्रचार-प्रसार*
कमिश्नर ने प्रिंट मीडिया, ग्राम पंचायतों में सूची चस्पा करने और कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश दिए, ताकि पुनर्वास नीति की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचे। इसके लिए राजस्व विभाग को भ्रमण रोस्टर तैयार करने को कहा गया है।
बैठक में दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिले के अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार वर्चुअली जुड़े रहे।
✍️*स्टेट रिपोर्टर: मनोज भट्ट हमर प्रदेश, छत्तीसगढ़*
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!