✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास पर जोर, 25 सितंबर से शुरू होगा विशेष अभियान
खैरागढ़। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने खैरागढ़ में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और समग्र विकास की मजबूत नींव बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण उपलब्ध कराने तथा उनकी नियमित ग्रोथ मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने महतारी वंदन योजना के शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी जल्द पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि पात्र महिलाओं को योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके।
25 सितंबर से ‘आंगन मिलन सेवा चौपाल’ और ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 25 सितंबर से ‘आंगन मिलन सेवा चौपाल’ एवं ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से पोषण, महिला कल्याण और विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
इस दौरान ‘मेरी पोषण थाली’, पौष्टिक व्यंजन विधि प्रदर्शनी तथा बच्चों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्व-सहायता समूहों, माताओं, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि पोषण और बाल विकास को जनभागीदारी से एक जन-अभियान का रूप देना है।
8 अक्टूबर को होगा सम्मान समारोह
अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले तथा प्रभावी जनभागीदारी सुनिश्चित करने वाले लोगों और समूहों को प्रोत्साहित करने के लिए 8 अक्टूबर को ‘आंगन मिलन सेवा सम्मान एवं सुपोषित महतारी सम्मान’ आयोजित किया जाएगा।
सरकार का प्रयास है कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण आहार वितरण तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास और माताओं के सशक्तिकरण का प्रभावी केंद्र बनें।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पोषण, महिला सशक्तिकरण और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को जनभागीदारी के साथ मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। इन प्रयासों से स्वस्थ, सुपोषित और सशक्त छत्तीसगढ़ की नींव को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!