✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
आंगन मिलन सेवा से आंगनबाड़ी केंद्रों में गूंजा मातृशक्ति और संस्कार का संदेश
गोद भराई, अन्नप्राशन, नेवता भोज और मातृशक्ति सम्मान के साथ महिलाओं एवं बच्चों को दिया स्वास्थ्य-पोषण का संदेश
महासमुंद, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सरायपाली विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र गढ़गांव में आयोजित कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया शामिल हुईं। उन्होंने गर्भवती माताओं, महिलाओं और बच्चों से संवाद करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और संस्कार के महत्व पर जागरूकता का संदेश दिया।
गर्भवती माताओं को दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
कार्यक्रम में गर्भवती माताओं के लिए गर्भ संस्कार एवं गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रीमती सरला कोसरिया ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान सकारात्मक वातावरण, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक प्रसन्नता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था से ही मां और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य की नींव रखी जाती है।
नन्हे बच्चों का हुआ अन्नप्राशन
कार्यक्रम में बच्चों के स्वस्थ विकास और बेहतर पोषण की दिशा में अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया ने बच्चों को अन्नप्राशन कराते हुए उनके स्वस्थ, खुशहाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मातृशक्ति और स्वस्थ शिशुओं का सम्मान
इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं तथा स्वस्थ शिशुओं और उनकी माताओं को जनप्रतिनिधियों द्वारा श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं महिलाओं और बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आंगनबाड़ी केंद्र मातृशक्ति, बच्चों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता से उत्सवपूर्ण नजर आया।
आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण नहीं, विकास का भी केंद्र
राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया ने कहा कि मातृशक्ति का स्वास्थ्य और सम्मान समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। गर्भावस्था से लेकर बच्चे के प्रारंभिक विकास तक परिवार और समुदाय की सकारात्मक भूमिका आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के महत्वपूर्ण केंद्र हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत कर रहा है।
स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने स्वास्थ्य, पोषण और संस्कार से जुड़े संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिलाएं, किशोरियां और नन्हे बच्चे उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!