✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
ब्लड सैंपल और लैब उपकरणों के साथ बनाए थे वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
दुर्ग। दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल और लैब उपकरणों के साथ रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को महंगा पड़ गया। लैब के अंदर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई है। HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने वीडियो में नजर आ रही तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों महिला टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर रील बनाई थी। बताया जा रहा है कि करीब पांच दिन बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में महिलाएं लैब के अंदर अलग-अलग अंदाज में वीडियो बनाती नजर आ रही हैं।
एक वीडियो में महिला टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की चेयर पर बैठकर रील बनाई गई है। अस्पताल की लैब जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह वीडियो बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लिया।
नोटिस के बाद शुरू हुई कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा।
इसके बाद लैब प्रभारी की ओर से संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा गया। कंपनी ने मामले की जानकारी लेने के बाद वीडियो में दिखाई दे रही तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से हटा दिया।
स्वास्थ्य विभाग यह भी देख रहा है कि रील बनाए जाने के दौरान लैब की जांच व्यवस्था अथवा मरीजों की जांच प्रक्रिया पर किसी तरह का असर पड़ा था या नहीं।
सिविल सर्जन ने की कार्रवाई की पुष्टि
सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो सामने आने के बाद लैब प्रभारी को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कंपनी को पत्र भेजा गया था। कंपनी की ओर से वीडियो में दिखाई दे रहे स्टाफ को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
निशुल्क जांच की सुविधा देती है अटल आरोग्य लैब
अटल आरोग्य लैब योजना के तहत मरीजों को उन्नत एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में लैब के भीतर ब्लड सैंपल और उपकरणों के साथ सोशल मीडिया वीडियो बनाए जाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
HIV रिपोर्ट को लेकर भी चर्चा में रही थी लैब
अटल आरोग्य लैब इससे पहले HIV जांच रिपोर्ट को लेकर भी चर्चा में रही थी। जिला अस्पताल में भर्ती एक 24 वर्षीय युवक की जांच रिपोर्ट पहले HIV पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दोबारा जांच में रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को लेकर लैब से जानकारी मांगी थी।
अब लैब के अंदर रील बनाने के मामले में तीन महिला टेक्नीशियनों पर हुई कार्रवाई के बाद अटल आरोग्य लैब एक बार फिर चर्चा में है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!