✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 828 प्रकरणों में 15,340 किलो लाहन और 3,273 लीटर महुआ शराब नष्ट
महासमुंद, 29 सितंबर 2026। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और अंतरराज्यीय शराब परिवहन पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने पिछले छह महीनों में बड़ी कार्रवाई की है। अप्रैल से 15 सितंबर 2026 तक विभाग ने 828 प्रकरणों में 15,340 किलोग्राम लाहन और 3,273 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त कर नष्ट की है।
ओडिशा सीमा से लगे पिथौरा, बसना, सरायपाली और बागबाहरा क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए विभाग ने जंगल, नदी-नालों और दुर्गम इलाकों में लगातार गश्त एवं निगरानी बढ़ाई है। जिला स्तरीय उड़नदस्ता और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर अवैध शराब निर्माण से जुड़े ठिकानों पर त्वरित दबिश दी जा रही है।
अंतरराज्यीय अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए दो आबकारी जांच चौकियों पर सघन जांच की जा रही है। प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की निगरानी, सीसीटीवी सर्विलांस और विभागीय टीमों की सक्रियता से कार्रवाई को और प्रभावी बनाया गया है।
विभाग द्वारा शराब की आपूर्ति श्रृंखला में जीपीएस आधारित वाहन निगरानी, क्यूआर कोड और बारकोडिंग जैसी डिजिटल तकनीकों का उपयोग भी बढ़ाया गया है। वहीं दुकानों पर यूपीआई और पीओएस सहित डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी श्री रमेश अग्रवाल के अनुसार, अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान जिले में 1605.25 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। विभाग का कहना है कि तकनीक आधारित निगरानी, सीमा पर सघन जांच और अवैध शराब के खिलाफ लगातार प्रवर्तन कार्रवाई से आबकारी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!