✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार! 12 वाहन और मशीनें कार्रवाई की जद में
मुरुम और रेत के अवैध कारोबार पर खनिज विभाग की दबिश, एक लाख रुपये शासन के खाते में जमा
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन करने वालों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने सरिया और सरसींवा क्षेत्र में लगातार दबिश देकर अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त 12 वाहनों एवं मशीनों के विरुद्ध कार्रवाई की है। वहीं, एक प्रकरण में एक लाख रुपये की राशि शासन के मद में जमा कराई गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
जोतपुर-बोंदा से ओडकाकन तक कार्रवाई
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर को सरिया तहसील के ग्राम जोतपुर-बोंदा में औचक निरीक्षण के दौरान मुरुम का अवैध उत्खनन करते हुए दो जेसीबी मशीनें और तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। इनके विरुद्ध कार्रवाई कर सभी वाहनों एवं मशीनों को थाना सरिया की अभिरक्षा में रखा गया।
इसी तरह, 13 अक्टूबर को सरसींवा तहसील के ग्राम ओडकाकन में साधारण रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। वहीं, 14 अक्टूबर को सरिया तहसील क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए तीन ट्रैक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इन ट्रैक्टरों को भी थाना सरिया की अभिरक्षा में रखा गया।
पहले भी हुई कार्रवाई, एक लाख रुपये जमा
खनिज विभाग ने इससे पहले 21 सितंबर को सरसींवा तहसील के ग्राम ओडकाकन में रेत के अवैध उत्खनन के मामले में एक ट्रैक्टर लोडर मशीन और दो ट्रैक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई की थी। इस प्रकरण में एक लाख रुपये की राशि शासन के मद में जमा कराई गई।
नियमों के तहत जारी रहेगी कार्रवाई
खनिज विभाग द्वारा यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के प्रावधानों के तहत की गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग का अमला नियमित रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहा है। समाचार पत्रों और अन्य संचार माध्यमों से मिलने वाली सूचनाओं पर भी तत्परता से कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!