✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
अवैध क्लीनिकों पर होगी कार्रवाई, सील करने के दिए निर्देश
दिशा समिति की बैठक में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
महासमुंद, 23 सितंबर 2026। जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को जिला पंचायत महासमुंद के सभा कक्ष में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और जमीनी स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने बिना मान्यता संचालित हो रहे अवैध क्लीनिकों को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से कहा कि जिले में ऐसे क्लीनिकों की जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अवैध क्लीनिक पाए जाने पर उन्हें सील किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सांसद ने लंबे समय से स्कूलों से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने ऐसे शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।
सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई पर जोर
सांसद ने जिले में संचालित 495 सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई और नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामुदायिक शौचालय केवल निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से खुले रहें और उनकी स्वच्छता की लगातार निगरानी हो। इसके लिए डिजिटल एप तैयार कर मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए।
मजदूरों का 15 दिन में हो भुगतान
ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा के दौरान सांसद ने योजनाओं के तहत अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने पर जोर दिया। उन्होंने मजदूरों का भुगतान 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुक्तिधाम और पीडीएस भवनों के लिए आवश्यक स्वीकृति देने की बात कही।
स्वामित्व योजना में 71 हजार से अधिक पट्टे वितरित
स्वामित्व योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 78 हजार के लक्ष्य के विरुद्ध 76 हजार 821 पट्टे तैयार किए जा चुके हैं, जिनमें से 71 हजार 675 पट्टों का वितरण किया जा चुका है। सांसद ने शेष पट्टों के वितरण के लिए शिविर आयोजित कर बैंक एवं भू-अधिकार पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पशुपालन और आवारा पशुओं पर भी चर्चा
सांसद ने पशुपालन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक लोगों को उन्नत नस्ल की गाय एवं बकरी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सड़कों की मरम्मत के निर्देश
महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की स्पॉन्सरशिप योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के पात्र हितग्राहियों का जनप्रतिनिधियों के सहयोग से चयन करने की बात कही। उन्होंने बारिश के मौसम को देखते हुए क्षतिग्रस्त एवं गड्ढों वाली सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से बेलसोंडा से साराडीह मार्ग की मरम्मत की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित किया।
बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल ने क्षेत्रीय समस्याओं और शिकायतों के संबंध में जानकारी देते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
योजनाओं के नाम पर अतिरिक्त राशि मांगने वालों पर FIR
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने महात्मा गांधी नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए नागरिकों या हितग्राहियों से अतिरिक्त राशि लेने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति योजनाओं के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग करता है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीण विकास, पंचायती राज, जल जीवन मिशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!