✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बस्तर के दो किसान उत्पादक संगठनों ने 3,850 क्विंटल मक्के की सीधी खरीदी कर रचा नया उदाहरण, गांव में ही मिल रहा उपज का बेहतर मूल्य
बस्तर। 22-11-2026
किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने की दिशा में बिहान योजना की पहल रंग ला रही है। बस्तर जिले के बकावंड और दरभा विकासखंड में किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के माध्यम से किसानों को अब गांव में ही बाजार उपलब्ध हो रहा है। इस पहल से किसानों को मंडी की तुलना में बेहतर दाम मिल रहे हैं और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने का रास्ता खुल रहा है।
बिहान के तहत गठित दो किसान उत्पादक संगठनों ने अब तक किसानों से 3,850 क्विंटल मक्के की सीधी खरीदी कर स्थानीय व्यापारी को सीधे बिक्री की है। इनमें बकावंड की लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी और दरभा की मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी शामिल हैं। इन संगठनों के माध्यम से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज की मंडियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है।
गांव में बाजार, किसानों को बेहतर दाम
इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह है कि किसानों को गांव में ही अपनी उपज का बाजार मिल रहा है। सीधे खरीदी और बिक्री की व्यवस्था से बिचौलियों पर निर्भरता कम हो रही है। साथ ही किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर मूल्य मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
अब खाद-बीज और कीटनाशक भी मिलेंगे गांव में
किसानों की सुविधा को और बढ़ाने के लिए एफपीओ के माध्यम से खाद, बीज और कीटनाशक जैसी कृषि उपयोगी सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है। इससे किसानों को खेती के जरूरी संसाधन गांव में ही मिल सकेंगे और बाजार पर उनकी निर्भरता कम होगी।
बिहान की यह पहल बस्तर के किसानों के लिए आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है। गांव में बाजार, उपज का बेहतर मूल्य और खेती के जरूरी संसाधनों की उपलब्धता से किसान आर्थिक रूप से मजबूत बन सकेंगे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!