✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
आवास प्लस ऐप में मिली सेल्फ जियो-टैगिंग की सुविधा, निर्माण की प्रगति की फोटो स्वयं कर सकेंगे अपलोड
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में गांव-गांव दिया जाएगा प्रशिक्षण, हितग्राहियों को मिलेगा तकनीकी सहयोग
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 नवंबर 2026।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उन्हें अपने निर्माणाधीन आवास की जियो-टैगिंग कराने के लिए मैदानी अमले पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने आवास प्लस मोबाइल ऐप में सेल्फ जियो-टैगिंग की सुविधा उपलब्ध करा दी है। इसके माध्यम से हितग्राही स्वयं अपने आवास निर्माण की विभिन्न निर्धारित अवस्थाओं की फोटो लेकर जियो-टैगिंग कर सकेंगे और नियमानुसार आगामी किस्त की मांग के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
राज्य शासन के निर्देशानुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी के निर्देशन में इस नई सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही हितग्राहियों को मोबाइल ऐप के उपयोग और जियो-टैगिंग की प्रक्रिया समझाने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।
अब आवास निर्माण की प्रगति खुद करेंगे दर्ज
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम-जनमन एवं विशेष परियोजनाओं के अंतर्गत आने वाले हितग्राही इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। आवास प्लस ऐप में उपलब्ध हितग्राही लॉगिन के माध्यम से वे अपने आवास निर्माण की निर्धारित अवस्थाओं की तस्वीरें अपलोड कर स्वयं जियो-टैगिंग कर पाएंगे। इससे निर्माण कार्य की प्रगति दर्ज कराने में पारदर्शिता आएगी और अनावश्यक देरी की समस्या भी कम होने की उम्मीद है।
ग्राम स्तर पर मिलेगा प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग
संचालनालय प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, नवा रायपुर द्वारा 21 नवंबर 2026 को जारी निर्देशों के पालन में जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी ने सभी जनपद पंचायतों के संबंधित अधिकारियों, तकनीकी अमले एवं ग्राम रोजगार सहायकों को हितग्राहियों के उन्मुखीकरण और प्रशिक्षण के निर्देश दिए हैं। ग्राम स्तर तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाने के साथ ही मोबाइल ऐप के संचालन में हितग्राहियों की मदद करने को कहा गया है।
हितग्राहियों से सुविधा का लाभ लेने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के सभी प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से नई सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि मोबाइल ऐप के माध्यम से हितग्राही स्वयं अपने आवास निर्माण की प्रगति दर्ज कर सकते हैं। यदि जियो-टैगिंग या ऐप के उपयोग में किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी आती है, तो संबंधित ग्राम रोजगार सहायक अथवा जनपद पंचायत से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!