✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के चर्चित समोदा अफीम कांड का खुलासा कर सुर्खियों में आए सरपंच अरुण गौतम अब खुद कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारियों के खिलाफ व्हाट्सएप स्टेटस पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि पूर्व में किए गए बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन भी इस कार्रवाई की प्रमुख वजह बना है।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख की शिकायत और एसडीएम दुर्ग के ज्ञापन के आधार पर पुलगांव थाना पुलिस ने सरपंच अरुण गौतम के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने उनका मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
अफीम कांड का खुलासा कर आए थे चर्चा में
गौरतलब है कि मार्च 2026 में दुर्ग जिले के समोदा गांव में लाखों अफीम के पौधों की अवैध खेती का मामला सामने आया था। इस मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने और अवैध खेती का खुलासा कराने में सरपंच अरुण गौतम की अहम भूमिका बताई गई थी। इस चर्चित मामले में पुलिस ने जांच के बाद आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी पेश की थी।
बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन का आरोप
बताया जा रहा है कि पुराने विवादों के चलते सरपंच अरुण गौतम को पहले ही बाउंड ओवर किया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद उन्होंने प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारियों के खिलाफ दोबारा विवादित टिप्पणी की। इसके बाद एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और पुलिस कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अफीम कांड का खुलासा करने वाले सरपंच की गिरफ्तारी अब जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और न्यायालय का निर्णय महत्वपूर्ण होगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!