✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों की लगातार जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत मोहननगर थाना पुलिस ने 29 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान धारदार हथियार लेकर घूम रहे पांच लोगों को पकड़ा। इनमें तीन बालिग आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 10 धारदार हथियार बरामद किए हैं।
संदिग्ध अवस्था में घूमते मिले
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे लोगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार हथियार बरामद हुए।
तीन बालिग और दो नाबालिग पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान जितेंद्र मरकाम (24), निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा; शैलेश देशमुख (22), निवासी गया नगर दुर्ग और जय देशमुख (21), निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा के रूप में हुई है।
वहीं, दो अन्य आरोपी विधि से संघर्षरत बालक हैं। नाबालिग होने के कारण उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने धारदार हथियार रखने के मामले में सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। बरामद किए गए सभी 10 धारदार हथियार जब्त कर लिए गए हैं।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई का उद्देश्य अपराध होने से पहले ही ऐसे तत्वों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर रोक लगाना है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधि या किसी व्यक्ति के हथियार लेकर घूमने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!