✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
# अटल जी के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाएंगे विकसित और आत्मनिर्भर: सांसद राधेश्याम राठिया
**सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ, दीप प्रज्ज्वलित कर सांसद ने किया उद्घाटन; विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का लिया आनंद**
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव का रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के बनाए छत्तीसगढ़ को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सरकार और समाज को मिलकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के गायन के साथ हुआ। सांसद श्री राठिया ने आयोजन स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
**अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया याद**
मुख्य अतिथि सांसद श्री राठिया ने अपने संबोधन में राज्योत्सव को छत्तीसगढ़ की गौरवशाली पहचान, संस्कृति और सामूहिक उत्सव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के लिए स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को प्रदेशवासी सदैव याद रखेंगे। राज्य निर्माण की यात्रा में अनेक महापुरुषों और आंदोलनकारियों का योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा एवं वीर नारायण सिंह जैसे महान विभूतियों के बलिदान और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
**किसान, युवा और महिलाओं का सशक्तीकरण विकास की प्राथमिकता**
सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खुशहाली किसानों की समृद्धि, युवाओं के रोजगार और महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने से जुड़ी है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, गांवों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ें और कृषि क्षेत्र मजबूत हो, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने लखपति दीदी पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आजीविका और आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान मिले, गांवों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचे तथा युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध हों।
**शांति, सुरक्षा और विकास से मजबूत होगा छत्तीसगढ़**
श्री राठिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, शांति और सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में विकास, विश्वास और सुरक्षा को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने जिलेवासियों से प्रदेश के विकास में सहभागी बनने और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
**जिलेवासियों के साथ बैठकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लिया आनंद**
राज्योत्सव की विशेष बात यह रही कि सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने वीआईपी व्यवस्था से अलग जिलेवासियों के साथ दर्शक दीर्घा में बैठकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति और लोकपरंपराओं पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के लिए स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर गांव और विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा एवं स्वावलंबन और किसानों को खुशहाली मिलेगी। इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
समारोह में पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर, पूर्व विधायक श्री शमशेर सिंह सारथी, श्री ज्योति पटेल, श्री सुभाष जलान, श्री द्वारिका साहू, श्री हरिनाथ खुटे, श्रीमती शिवकुमारी सिदार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अजय जवाहर नायक, श्री भुवन मिश्रा, श्री बेदराम जांगड़े, मनोज जायसवाल, जीवन रात्रे एवं चंद्रिका ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक तथा सारंगढ़ एसडीएम श्री दशरथ राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!