अंबिकापुर में लिव-इन पार्टनर की खून से लथपथ लाश मिलने से हड़कंप, प्रेमिका ने भी उठाया खौफनाक कदम
अंबिकापुर। शहर के सुभाष नगर इलाके में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की घर के बाहर खून से लथपथ लाश बरामद हुई। घटना के बाद उसके साथ रह रही प्रेमिका ने भी कथित तौर पर अपना गला काटकर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। पूरा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान मोहन पैकरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मोहन पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी प्रेमिका के साथ किराए के मकान में रह रहा था। बुधवार को घर में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद मोहन गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं, प्रेमिका ने भी कथित तौर पर अपना गला काट लिया। गंभीर हालत में उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रेमिका ने पुलिस को क्या बताया?
अस्पताल में उपचाररत प्रेमिका के मुताबिक, उसके प्रेमी मोहन ने कथित तौर पर खुद अपना गला काट लिया था। इसके बाद उसे खून से लथपथ हालत में देखकर उसने भी अपना गला काट लिया। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, रक्षाबंधन पर घर जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। घर के दरवाजे के पास युवक का खून से लथपथ शव मिला, जबकि दीवार पर भी खून के निशान पाए गए।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह, दोनों के बीच हुए विवाद और युवक की मौत की परिस्थितियों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
संपादक — धनिराम देवांगन
hamarpradeshcg.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!