✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की तैयारियों के बीच मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित महंत घासीदास ऑडिटोरियम में मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड की ओर से किया गया।
बैठक में डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता फैजल रिजवी ने की। वहीं शहर काजी कारी इमरान अशरफी ने भी UCC के विभिन्न पहलुओं को लेकर अपने विचार रखे।
सलीम राज ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का लगाया आरोप
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि UCC को लेकर कांग्रेस के कुछ नेताओं की ओर से भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति अलग है।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज की ओर से UCC से जुड़े विषयों पर अपनी बात, सुझाव और आपत्तियां संबंधित कमेटी के समक्ष रखी जाएंगी।
डॉ. सलीम राज ने कहा कि देश संविधान और कानून के अनुसार चलेगा। साथ ही उन्होंने संविधान में प्रत्येक नागरिक को प्राप्त धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का भी उल्लेख किया। बैठक में UCC के विभिन्न प्रस्तावित प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।
लिव-इन रिलेशनशिप के प्रावधान पर आपत्ति
बैठक में लिव-इन रिलेशनशिप को कानूनी मान्यता देने से जुड़े प्रावधान पर मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई।
वक्ताओं ने कहा कि UCC के कुछ प्रावधानों को लेकर समाज की अपनी चिंताएं हैं और इन्हें सरकार द्वारा गठित कमेटी के समक्ष रखा जाएगा। बैठक में तीन तलाक और लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े प्रावधानों पर भी चर्चा हुई।
मुस्लिम समाज की ओर से कहा गया कि जस्टिस रंजना देसाई की अध्यक्षता वाली कमेटी के समक्ष सुझाव और आपत्तियां औपचारिक रूप से प्रस्तुत की जाएंगी।
कमेटी के सामने रखेंगे समाज के सुझाव — फैजल रिजवी
वरिष्ठ अधिवक्ता फैजल रिजवी ने कहा कि समाज के प्रबुद्धजनों के साथ चर्चा के बाद बैठक में सामने आए सुझावों और आपत्तियों को कमेटी के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि UCC को लेकर अलग-अलग राज्यों के लिए अलग व्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार, यदि समान नागरिक संहिता लागू होती है तो पूरे देश में एक समान कानून और व्यवस्था होनी चाहिए।
बैठक में मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों ने UCC के प्रावधानों को लेकर अपनी राय रखी और कमेटी के समक्ष संवैधानिक एवं सामाजिक दृष्टिकोण से अपने सुझाव प्रस्तुत करने पर सहमति जताई।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!