NMDC भर्ती में बस्तर के युवाओं को मिले पहला हक! सांसद महेश कश्यप ने मुख्यमंत्री साय से की मांग |
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट
बस्तर की धरती से देश को मिल रही खनिज संपदा, तो उसी बस्तर के युवाओं को रोजगार में क्यों न मिले पहला अवसर? इसी मांग को लेकर अब बस्तर में आवाज बुलंद हो गई है।
एनएमडीसी की एल-1 और एल-2 भर्ती में स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता दिलाने के लिए बस्तर सांसद महेश कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की।
जगदलपुर में हुई इस सौजन्य मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष स्पष्ट रूप से मांग रखी कि दंतेवाड़ा सहित पूरे बस्तर संभाग के युवाओं को एनएमडीसी भर्ती में अधिक से अधिक अवसर दिए जाएं।
सांसद महेश कश्यप ने कहा - बस्तर के युवाओं को उनके ही क्षेत्र में रोजगार देना हमारी प्राथमिकता है। एनएमडीसी की भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए ताकि यहां के शिक्षित और योग्य युवाओं को रोजगार मिल सके।
दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा - दंतेवाड़ा सहित संपूर्ण बस्तर के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जिस क्षेत्र के संसाधनों से देश का विकास हो रहा है, उसी क्षेत्र के युवाओं को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। एनएमडीसी भर्ती में स्थानीय युवाओं को न्यायसंगत अवसर मिलना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने से पलायन रुकेगा, परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और बस्तर के विकास में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में दंतेवाड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जिला पंचायत सदस्य सोमरू कड़ती, करण तामो, राजू कड़ती, रवि नाग, सुनील मंडावी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अब बस्तर के युवाओं की निगाहें सरकार और एनएमडीसी की आगामी भर्ती प्रक्रिया पर टिकी हैं।
---
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!