Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

NH-63 पर निजी बसों की मनमानी चरम पर: 70 KM का किराया 123 रु. की जगह वसूल रहे 150 रु., विश्वनाथ ट्रेवल्स पर गंभीर आरोप

State Head - MANOJ
State Head - MANOJ
5 Min Read 0 Comments
NH-63 पर निजी बसों की मनमानी चरम पर: 70 KM का किराया 123 रु. की जगह वसूल रहे 150 रु., विश्वनाथ ट्रेवल्स पर गंभीर आरोप

NH-63 पर निजी बसों की मनमानी चरम पर: 70 KM का किराया 123 रु. की जगह वसूल रहे 150 रु., विश्वनाथ ट्रेवल्स पर गंभीर आरोप

ग्रामीण यात्रियों से खुलेआम लूट, विरोध करने पर अभद्रता और धमकी, जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग

बीजापुर / भोपालपटनम।
भोपालपटनम से जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 63 पर चलने वाली निजी यात्री बसों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। शासन द्वारा निर्धारित किराए से कई गुना अधिक किराया वसूल कर ग्रामीण यात्रियों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है।

ताजा मामला श्री विश्वनाथ ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 17 F 6111 (VISHWANATH SUPER FAST) का सामने आया है, 

बस के अंदर शासन की अधिकृत "किराया सूची - 1 से 200 KM तक" चस्पा की गई है। इस सूची के अनुसार:
- 68 KM का किराया - 116.75 रु.
- 70 KM का किराया - 123.75 रु.
- 71 KM का किराया - 126.50 रु.

लेकिन इसी बस के कंडक्टर द्वारा यात्रियों से भोपालपटनम से 70 KM की दूरी के लिए 150-150 रुपए वसूले जा रहे हैं। हमारे पास मौजूद पीले रंग के टिकट पर साफ तौर पर 150 रुपए लिखकर वसूली की गई है।

ग्रामीणों से अभद्रता, पूछने पर धमकी

पीड़ित ग्रामीण यात्रियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जब उन्होंने बस में लगी किराया सूची दिखाकर निर्धारित किराया लेने को कहा, तो कंडक्टर ने अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया।

"पैसे देने हैं तो बैठो, नहीं तो उतर जाओ, इतनी ही बस चलती है इस रूट पर" — इस तरह धमकाकर मजबूरन अधिक किराया वसूला जा रहा है। ग्रामीणों की मजबूरी है कि इस रूट पर सरकारी बसें कम हैं, इसलिए निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी झेलनी पड़ती है।

परिवहन विभाग की चुप्पी पर सवाल

सवाल यह है कि जब बस में किराया सूची चस्पा करना अनिवार्य है, तो फिर उस सूची से अधिक किराया वसूलने पर चेकिंग क्यों नहीं हो रही है? NH-63 जैसा व्यस्त और ग्रामीण-आदिवासी बहुल मार्ग होने के बावजूद परिवहन विभाग की उड़नदस्ता टीम कभी इस रूट पर नजर क्यों नहीं आती?

यात्रियों की मांग

यात्रियों और ग्रामीणों ने बस्तर जिला कलेक्टर, बीजापुर कलेक्टर और छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग से मांग की है कि:

1.  भोपालपटनम-जगदलपुर रूट की सभी निजी बसों की औचक जांच की जाए।
2.  अधिक किराया वसूलने वाली श्री विश्वनाथ ट्रेवल्स CG 17 F 6111 सहित अन्य बसों पर जुर्माना और परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई हो।
3.  ग्रामीण रूटों पर सरकारी बसों की संख्या बढ़ाई जाए।

> इस संबंध में जब परिवहन विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो संपर्क नहीं हो पाया। खबर के प्रकाशन के बाद उनका पक्ष भी प्रकाशित किया जाएगा।

State Head - MANOJ
Written by

State Head - MANOJ

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos