✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। जिला चिकित्सालय दुर्ग में इलाज के लिए भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट को लेकर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। युवक की पहली जांच रिपोर्ट में HIV पॉजिटिव बताया गया, जिसके बाद युवक ने रिपोर्ट पर आपत्ति जताई। मामले को लेकर दोबारा जांच कराई गई तो दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद जिला अस्पताल की लैब की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन ने एचएलएल के प्रभारी से पूरे मामले की वस्तुस्थिति की जानकारी मांगी है। साथ ही HIV समेत अन्य जांचों में इस्तेमाल होने वाली मशीनों का कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जांच रिपोर्ट की विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
जिला चिकित्सालय दुर्ग में अटल आरोग्य लैब का संचालन किया जा रहा है। यहां मरीजों को करीब 134 प्रकार की जांच निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। लैब का संचालन एचएलएल कंपनी द्वारा किया जा रहा है। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों के सैंपल लेने से लेकर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने तक की प्रक्रिया इसी लैब के माध्यम से होती है।
HIV जैसी संवेदनशील जांच में गलत रिपोर्ट मरीज और उसके परिवार पर गंभीर मानसिक एवं सामाजिक प्रभाव डाल सकती है। ऐसे में पहली रिपोर्ट पॉजिटिव और दोबारा जांच में निगेटिव आने का मामला सामने आने के बाद लैब की जांच प्रक्रिया, मशीनों के कैलिब्रेशन और गुणवत्ता नियंत्रण की व्यवस्था की जांच जरूरी हो गई है।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन द्वारा मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पहली रिपोर्ट में गड़बड़ी किस स्तर पर हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!