✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
**खैरागढ़, 08 अक्टूबर।** छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम गुरुवार को एक दिवसीय प्रवास पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले पहुंचे। इस दौरान उनके साथ राजनांदगांव रेंज के IG अजय कुमार यादव और जिले के SP लक्ष्य शर्मा मौजूद रहे। दौरे के दौरान DGP ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
**SP कार्यालय की शाखाओं के कामकाज की समीक्षा**
DGP अरुण देव गौतम ने सबसे पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने DSB, वेतन, फंड, स्थापना, OM और SRC सहित विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभागीय कामकाज में पारदर्शिता बनाए रखने, रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
**साइबर लैब और डिजिटल पुलिसिंग पर जोर**
इसके बाद DGP ने जिला साइबर लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध तकनीकी संसाधनों और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही, थानों में संचालित ऑनलाइन पोर्टल और डिजिटल पुलिसिंग की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम और जांच को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया।
**लंबित अपराधों और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश**
दौरे के दौरान DGP ने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Additional SP) और अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों (SDOP) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित अपराधों, प्राप्त शिकायतों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
**नवीन जिला पुलिस लाइन का निरीक्षण, किया वृक्षारोपण**
DGP अरुण देव गौतम ने निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

अपने प्रवास के अंतिम चरण में DGP इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में शामिल हुए।
DGP के इस दौरे को जिले में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण और पुलिस अधोसंरचना के विकास की समीक्षा के लिहाज से महत्व पूर्ण माना जा रहा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!