CG: धमतरी के मड़ेली हत्याकांड में बड़ा फैसला, आरोपी चेतन साहू को आजीवन कारावास...
धमतरी...जिले के मड़ेली हत्याकांड में कुरूद न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपी चेतन साहू को आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है। पुलिस की प्रभावी विवेचना और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया गया। वहीं, उत्कृष्ट विवेचना के लिए एसपी भावना पांडेय ने विवेचक निरीक्षक चन्द्रकांत साहू की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 मार्च 2025 को ग्राम मड़ेली के भाठापारा गौठान के पास विवाद के दौरान चेतन साहू ने गजेन्द्र साहू उर्फ बिट्टू के सिर पर लकड़ी के बत्ते से हमला किया था। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान गजेन्द्र साहू की मौत हो गई थी। इस मामले में थाना कुरूद की चौकी बिरेझर में अपराध क्रमांक 85/2025 दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता बरामद किया। इसके अलावा एफएसएल परीक्षण सहित अन्य साक्ष्य जुटाकर निर्धारित अवधि में न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया।
अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और तर्कों के आधार पर माननीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, कुरूद ने सत्र प्रकरण क्रमांक 30/2025 में आरोपी चेतन साहू को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत दोषसिद्ध करते हुए सश्रम आजीवन कारावास और अर्थदंड से दंडित किया।
इस मामले में प्रभावी विवेचना और साक्ष्य संकलन के लिए पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय ने तत्कालीन चौकी प्रभारी बिरेझर एवं विवेचक निरीक्षक चन्द्रकांत साहू के कार्यों की सराहना की है। साथ ही उन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!