✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट हेड रिपोर्टर – किशोर कुमार
दुर्ग/भिलाई। हाईटेक अस्पताल में करीब 32 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। अस्पताल में कैशियर के पद पर कार्यरत कर्मचारी पर आरोप है कि उसने बैंक में जमा की जाने वाली अस्पताल की रकम अपने पास रख ली और प्रबंधन को गुमराह करने के लिए फर्जी ई-मेल भेजता रहा। शिकायत के बाद स्मृति नगर पुलिस ने आरोपी कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है।
छह साल से अस्पताल में कैशियर के पद पर था कार्यरत
मिली जानकारी के अनुसार, हाईटेक अस्पताल भिलाई के संचालक मनोज अग्रवाल ने स्मृति नगर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रुआबांधा निवासी जसविंदर सिंह पिछले करीब छह वर्षों से अस्पताल में कैशियर के पद पर कार्यरत था।
आरोप है कि कैशियर द्वारा अस्पताल से प्राप्त होने वाली राशि बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रखी जा रही थी। साथ ही, अस्पताल प्रबंधन को राशि जमा किए जाने का विश्वास दिलाने के लिए फर्जी ई-मेल भेजकर गुमराह किया जाता रहा।
जांच में सामने आया 32 लाख रुपये का गबन
शिकायत मिलने के बाद स्मृति नगर पुलिस ने अस्पताल से संबंधित दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य तथ्यों की जांच की। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी ने कैशियर के पद का दुरुपयोग करते हुए संस्थान की करीब 32 लाख रुपये की राशि का गबन किया।
पुलिस ने मामले में आरोपी जसविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
गबन की रकम से खरीदा महंगा मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गबन की राशि से खरीदा गया Samsung कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और गबन की रकम से खरीदी गई अन्य संपत्तियों अथवा सामान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!