✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर – किशोर कुमार
दुर्ग। गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में 5 सितंबर की शाम तेज बहाव की चपेट में आकर बहे 32 वर्षीय युवक का शव दो दिन बाद एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान खुर्सीपार, भिलाई निवासी सहदेव महोबिया (32), पिता मुरली महोबिया के रूप में हुई है। शव बरामद होने के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पिकनिक मनाने पहुंचे थे तीन युवक
जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर की शाम तीन युवक पिकनिक मनाने के लिए गनियारी स्थित शिवनाथ नदी के तट पर पहुंचे थे। इसी दौरान सहदेव नदी किनारे बर्तन धोने के लिए पानी के पास गया। अचानक पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में जा गिरा और देखते ही देखते गहरे पानी में बह गया।
घटना के बाद उसके साथ मौजूद युवकों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी।
मोटर बोट से चलाया गया सघन सर्च ऑपरेशन
शिवनाथ नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने मोटर बोट की मदद से नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।
6 सितंबर की सुबह से शुरू हुआ तलाशी अभियान 7 सितंबर तक जारी रहा। टीम ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में मोटर बोट के जरिए सघन तलाश की।
दो दिन बाद बरामद हुआ शव
लगातार दो दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद एसडीआरएफ की टीम को सफलता मिली। कड़ी मशक्कत के बाद सहदेव महोबिया का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!